आंध्रप्रदेश: अमित शाह का भाषण सुनने नहीं पहुंचे लोग, जनसभा को करना पड़ा रद्द
तेलुगु देशम पार्टी के समर्थक अमित शाह का विरोध करने के लिए इकट्ठा हुए थे. टीडीपी समर्थकों का कहना था कि भाजपा की सरकार ने राज्य के साथ वादाख़िलाफ़ी की है.
भारतीय जनता पार्टी के धुरंधर नेता अमित शाह ने 4 फरवरी को आंध्रप्रदेश में प्रस्तावित अपनी जनसभा को रद्द कर दिया. इसका कारण यह था कि इस अमित शाह को सुनने कोई पहुंचा ही नहीं.
द हंस इंडिया के मुताबिक आंध्रप्रदेश के श्रीकाकुलम ज़िले में अमित शाह की सभा होनी थी. यहां से अमित शाह पार्टी की बस यात्रा का शुभारंभ करने वाले थे. लेकिन, जब अमित शाह सभास्थल पर पहुंचे तो पार्टी कार्यकर्ता के अलावा कोई वहां मौजूद नहीं था.
रिपोर्ट में कहा गया है कि कासीबग्गा बस स्टैंड के पास तनाव का माहौल था. यहां तेलुगु देशम पार्टी के समर्थक अमित शाह का विरोध करने के लिए इकट्ठा हुए थे. टीडीपी समर्थकों का कहना था कि भाजपा की सरकार ने राज्य के साथ वादाख़िलाफ़ी की है. मार्च 2018 में टीडीपी नेता और राज्य के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने एनडीए का साथ छोड़ दिया था, उन्होंने कहा था कि मोदी सरकार आंध्रप्रदेश से किए गए अपने वादे को पूरा नहीं कर रही है.
रिपोर्ट के मुताबिक टीडीपी समर्थकों के विरोध और आम जनता के उदासीन प्रतिक्रिया के कारण अमित शाह ने एक छोटी सभा में लोगों को संबोधित किया और निकल गए. अमित शाह ने यहां लोकसभा चुनाव के लिए अपनी पार्टी के बस यात्रा को भी हरी झंडी दी. कहा जा रहा है कि प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी अमित शाह की सभा को उत्साहजनक रिस्पांस नहीं मिली.