भारत जितनी कोशिश करे, एच-1बी वीज़ा देने की प्रक्रिया में कोई बदलाव नहीं करेगा अमेरिका
अमेरिका के कर्मी और उन्हें मिलने वाला वेतन प्रभावित न हो यह सुनिश्चित करने के लिये बड़े पैमाने पर वीज़ा कार्यक्रम की समीक्षा के आदेश दिए गए हैं
अमेरिका और भारत के बीच अगले सप्ताह नयी दिल्ली में होने वाली 2+2 बैठक से पहले ट्रंप प्रशासन ने कहा है कि एच-1बी वीज़ा जारी करने की प्रक्रिया में कोई बदलाव नहीं किया गया है। संभावना है कि विदेश मंत्री सुषमा स्वराज बैठक के दौरान वीज़ा का मुद्दा उठा सकती हैं।
इससे पहले सुषमा स्वराज ने पिछले महीने राज्य सभा में कहा था, ‘ हम इस मुद्दे को कई मंचों पर औपचारिक रूप से उठा रहे हैं और इस पर व्हाइट हाउस, वहां के राज्य प्रशासन और वहां सांसदों से बात कर रहे हैं। नयी दिल्ली में छह सितंबर को होने वाली 2+2 बैठक में इस मुद्दे को पूरी विनम्रता से उठाया जाएगा।‘
नाम न जाहिर करने की शर्त पर अमेरिकी प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि भारत एच-1बी वीज़ा का मुद्दा 2+2 बैठक में उठाने की तैयारी में है लेकिन इसमें कुछ कहने को नहीं रह जाएगा क्योंकि नीति में कोई बदलाव नहीं होगा। अधिकारी ने बताया, ‘ट्रंप प्रशासन के कार्यकारी आदेश में अमेरिका में काम करने के लिए अमेरिकी वीज़ा कार्यक्रम की बड़ी पैमाने पर समीक्षा करने के आदेश दिए गए हैं। वीज़ा समीक्षा करने का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि इससे अमेरिका के कर्मी और उन्हें मिलने वाला वेतन प्रभावित ना हो।’’
अधिकारी ने बताया, ‘ एच-1बी वीज़ा जारी करने की प्रक्रिया में कोई बदलाव नहीं हुआ है। इसलिए मेरे लिए यह अनुमान लगाना असंभव है कि इससे क्या निकलकर आएगा या इस प्रणाली में कोई बदलाव होगा। निश्चित रूप से यह भारत के लिए महत्वपूर्ण मुद्दा है।’