जलियांवाला बाग हत्याकांड की बरसी पर आपने की गंदी राजनीति, अमरिंदर सिंह ने PM मोदी के बयान की आलोचना की
पंजाब की कांग्रेस सरकार ने जलियांवाला बाग हत्याकांड की सौंवी बरसी पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया था. इसके साथ ही केंद्र सरकार ने भी इसी समानांतर एक कार्यक्रम का ऐलान कर दिया.
जलियांवाला बाग हत्याकांड के सौवीं बरसी पर प्रधानमंत्री मोदी की बयानबाजी से नाराज़ पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा है कि पीएम मोदी ने ऐसे अवसर पर भी गंदी राजनीति की है.
ट्विटर पर कैप्टन अमरिंदर सिंह ने लिखा है, “जलियांवाला बाग को लेकर कठुआ में प्रधानमंत्री मोदी जी के बयान से अचंभित हूं. इस मौके पर भी उन्होंने गंदी राजनीति कर दी है. प्रधानमंत्री इस बात को भूल गए कि जब राज्य सरकार ने कार्यक्रम (जलियांवाला बाग की सौवीं बरसी पर) का आयोजन किया था, तब केंद्र सरकार ने इसी समानांतर कार्यक्रम की घोषणा क्यों कर दी.” अमरिंदर सिंह का कहना है कि 2 सालों से उनकी सरकार इसके लिए मोदी सरकार को सूचित कर रही थी.
Shocked by your remarks in Kathua on Jallianwala Bagh @narendramodi ji. You used a somber occasion to play dirty politics, conveniently ignoring your own government’s decision to hold a parallel event instead of extending support to my govt, which we’d been requesting for 2 yrs.
— Capt.Amarinder Singh (@capt_amarinder) April 14, 2019
बता दें कि पंजाब की कांग्रेस सरकार ने जलियांवाला बाग हत्याकांड की सौंवी बरसी पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया था. इसके साथ ही केंद्र सरकार ने भी इसी समानांतर एक कार्यक्रम का ऐलान कर दिया, जिसमें हिस्सा लेने देश के उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू पहुंचे थे.
राज्य के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके थे. पंजाब सरकार की ओर से जो कार्यक्रम आयोजित किया गया था, उसमें कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए थे. इसी बात को लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने जम्मू कश्मीर के कठुआ में कांग्रेस पर आरोप लगाया था कि कांग्रेस जलियांवाला बाग हत्याकांड के कार्यक्रम में भी राजनीति कर रही है.