May a good source be with you.

योगी आदित्यनाथ एक ही भाषा जानते हैं – ठोक दो. इसी भाषा ने गाज़ीपुर में ली है पुलिसकर्मी की जान: अखिलेश यादव

शनिवार को गाजीपुर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सभा से लौट रहे सिपाही की भीड़ ने हत्या कर दी थी.

गाज़ीपुर में भीड़ द्वारा पुलिस की हत्या किए जाने की घटना पर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सीएम योगी आदित्यनाथ पर तंज कसा है. उन्होंने कहा है कि मुख्यमंत्री एक ही भाषा जानते हैं-ठोक दो, इसी कारण इस तरह की घटनाएं घट रही हैं.

अखिलेश यादव ने कहा, “ये घटना इसलिए घटी है,क्योंकि सीएम सदन में हों या मंच पे हो, उनकी एक ही भाषा है- ठोक दो. कभी पुलिस को नहीं समझ आता किसे ठोकना है, कभी जनता को समझ नहीं आता किसे ठोकना है.

बता दें कि शनिवार को गाजीपुर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सभा से लौट रहे सिपाही की भीड़ ने हत्या कर दी थी. बताया जाता है कि इसमें निषाद पार्टी के लोगों का हाथ है. निषाद पार्टी के लोग आरक्षण की मांग को लेकर प्रधानमंत्री की सभा में जाना चाहते थे, लेकिन प्रशासन ने सभास्थल में उनके प्रवेश पर रोक लगा दी थी. सुरेश वत्स प्रधानमंत्री की सभा समाप्त होने पर वापस लौट रहे थे. लेकिन, बीच रास्ते में ही कथित तौर पर निषाद पार्टी के लोगों ने घेराव किया था, जिससे इलाके में जाम लग गया. सुरेश इसी जाम को ख़त्म कराने का प्रयास कर रहे थे.

भीड़ द्वारा पुलिसकर्मी की हत्या किए जाने की इस घटना के बाद योगी आदित्यनाथ की सरकार सवालों के घेरे में आ गई है. क्योंकि 3 दिसंबर को बुलंदशहर में भी भीड़ ने एक पुलिस इंस्पेक्टर की गोली मारकर हत्या कर दी थी.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+