अनुच्छेद 35-ए के बारे में डोभाल के बयान पर नैशनल कांग्रेस ने दी तीखी प्रतिक्रिया
डोभाल ने मंगलवार को कहा था कि जम्मू-कश्मीर के लिए अलग संविधान होना संभवत: एक ‘‘त्रुटि’’ थी।
जम्मू-कश्मीर के लिए अलग संविधान पर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल की टिप्पणी को लेकर नैशनल कांग्रेस (नेकां) ने बुधवार को तीखी प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए कहा कि विलय पत्र भी अपने आप में एक गलती थी।
वहीं, जम्मू-कश्मीर कांग्रेस के प्रमुख जी. ए. मीर ने भी कहा है कि भारतीय संविधान का अनुच्छेद 370 राज्य को विशेष दर्जा देता है। साथ ही पूरी दुनिया जानती है कि जम्मू कश्मीर का विलय कुछ शर्तों पर आधारित था।
गौरतलब है कि डोभाल ने मंगलवार को कहा था कि जम्मू-कश्मीर के लिए अलग संविधान होना संभवत: एक ‘‘त्रुटि’’ थी। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि संप्रभुता से कभी समझौता नहीं किया जा सकता।
डोभाल ने कश्मीर पर यह टिप्पणी ऐसे समय में की है जब उच्चतम न्यायालय संविधान के अनुच्छेद 35-ए की संवैधानिक वैधता को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई कर रहा है।
अनुच्छेद 35-ए के तहत जम्मू-कश्मीर के स्थायी निवासियों को विशेष अधिकार और कुछ विशेषाधिकार दिए गए हैं।