सैटेलाइट इमेज के जरिए दावा- एयर स्ट्राइक में नहीं धवस्त हुए जैश-ए-मोहम्मद के मदरसे
रॉयटर्स ने हाई-रेज्यूलेशन सेटेलाइट तस्वीरों के हवाले से दिखाया है कि एयर स्ट्राइक के बाद भी वहां अभी भी मदरसा मौजूद है.
भारतीय वायुसेना द्वारा पाकिस्तान में किए गए एयर स्ट्राइक को लेकर विरोधाभास जारी है. बीते दिन वायुसेना प्रमुख बीएस धनोआ ने बताया कि एयरफ़ोर्स तय किए गए टारगेट को हिट करने में सफ़ल रही है, हालांकि मारे गए आतंकियों की संख्या गिनना हमारा काम नहीं है. लेकिन इसी बीच रॉयटर्स ने अपनी रिपोर्ट के जरिए इन दावों पर सवाल खड़ा कर दिया है.
रायटर्स ने अपनी एक रिपोर्ट में सेटलाइट तस्वीर के जरिए भारत के उन दावों पर संदेह व्यक्त किया है जिसमें कहा गया है कि इंडियन एयरफ़ोर्स ने जैश-ए-मोहम्मद के ठिकानों को धवस्त कर दिया था.
रॉयटर्स ने हाई-रेज्यूलेशन सेटेलाइट तस्वीरों के हवाले से दिखाया है कि एयर स्ट्राइक के बाद भी वहां अभी भी मदरसा मौजूद है.
रॉयटर्स ने ये तस्वीरें सैन फ्रांस्सिकों में स्थित एक प्राइवेट सैटेलाइट ऑपरेटर प्लैनेट लैब नामक कंपनी से प्राप्त की है. इसमें से एक तस्वीर 4 मार्च यानी एयर स्ट्राइक के 6 दिन बाद की है. जिसमें साफ़-साफ़ दिख रहा है कि जिस इलाक़े में एयरस्ट्राइक के दावे किए गए हैं वहां जैश-ए-मोहम्मद के मदरसे अभी भी सही सलामत दिख हैं.
इस बाबत रॉयटर्स ने भारत के विदेश और रक्षा मंत्रालय से सवाल भी किए हैं, जिसका जवाब अबतक नहीं मिला है.
बता दें कि इससे पहले कई अंतर्राष्ट्रीय मीडिया समूह एयर स्ट्राइक में मारे गए आतंकियों की संख्या को लेकर सरकार के दावे पर सवाल खड़े कर चुके हैं.