May a good source be with you.

उत्तर प्रदेश: बलात्कार का विरोध करने पर तीन महिलाओं के ऊपर तेजाब फेंका

बरेली में एक महिला कोल्हू पर पानी पीने गई थी, वहां कोल्हू मालिक ने उसके साथ कथित रूप से बलात्कार की कोशिश की.

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के एक गांव में कोल्हू पर पानी पीने आयी महिला के साथ कोल्हू मालिक ने कथित रूप से बलात्कार का प्रयास किया. जब पीड़ित महिला की चीख सुनकर दो अन्य महिलाएं मौके पर पहुंचीं तो कोल्हू मालिक ने तीनों पर तेजाब फेंक दिया. तेजाब के इस हमले में तीनों महिलाएं झुलस गईं.

पुलिस ने पीड़िता के आवेदन पर मुक़दमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ़्तार कर लिया है. फिलहाल घटना की जांच की जा रही है.

नबाबगंज के पुलिस निरीक्षक श्रीकांत द्विवेदी ने बताया कि गुरुवार को एक महिला अपने दो बच्चों के साथ लकड़ी बीनने के लिए गांव से बाहर गयी थी. शाम को पानी पीने वह गांव में दीपक के कोल्हू पर चली गई. वहां कोल्हू मालिक दीपक ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया. कहा जाता है कि आरोपी ने महिला के कपड़े भी फाड़ दिए. महिला की चीख सुनकर उसके परिवार की दो अन्य महिलाएं जब बचाव करने पहुंचीं तो दीपक ने सभी पर तेजाब फेंक दिया.

द्विवेदी ने बताया कि तीनों महिलाओं को झुलसी हुई अवस्था में बरेली जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

(पीटीआई इनपुट्स पर आधारित)

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+