पुलिस की शुरुआती जांच, उमर ख़ालिद पर हमले की ज़िम्मेदारी लेने वाले दरवेश और नवीन ने ख़ुद को बताया गौ रक्षक
हमले के दोनों आरोपियों को दिल्ली पुलिस ने कल सोमवार को हिसार के फतेहाबाद में गिरफ्तार किया।
गौ रक्षा के नाम पर आतंक कम होने का नाम नहीं ले रहा है। उमर ख़ालिद पर हमले के मामले में पुलिस ने जिन दो लोगों को गिरफ्तार किया है, शुरुआती जांच में ये पता चला है कि हमलावर गौरक्षा के नाम पर आतंक फैलाने वाले गौ आतंकी ही हैं।
गौरतलब है कि ये हमलावर सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर हमले की जिम्मेदारी के साथ ख़ुद को सरेंडर करने का एलान भी कर चुके थे। हालांकि इन्होंने आत्मसमर्पण नहीं किया।
पहले तो पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो को मजाक के तौर पर ले रही थी। लेकिन बाद में जांच में यह पता चला कि हमले वाले दिन ये दिल्ली के कंस्टीट्यूशन क्लब में ही मौजूद थे। उस दिन इनके मोबाइल का लोकेशन भी कंस्टीट्यूशन क्लब का ही था।
हमले की ज़िम्मेदारी लेने वाले दरवेश शाहपुर और नवीन दलाल को दिल्ली पुलिस ने कल सोमवार को हिसार के फतेहाबाद में गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि ये दोनों उस दिन कंस्टीट्यूशन क्लब में चल रहे प्रोग्राम को भंग करने की योजना बनाकर गए थे। जब नवीन दलाल उस जगह पहुंचा तो ख़ालिद को कंस्टीट्यूशन क्लब के बाहर देख उस पर हमला बोल दिया।
हालांकि दलाल का कहना है कि उस दिन उसने अपने हथियार से फायर नहीं किया था। उसने हथियार साथ में ज़रूर रखा था जो भागते वक़्त उसके हाथ से गिर गया था। ज्ञात हो कि ख़ालिद का आरोप था कि हथियार का निशाना उसकी तरफ था और पुलिस अभी ख़ालिद के इस आरोप को लेकर तफ़्तीश कर रही है।