इलाहाबाद विश्वविद्यालय में हार के बाद एबीवीपी की गुंडागर्दी: बमबाजी के बाद हॉस्टल में लगाई आग
छात्रसंघ चुनाव में समाजवादी छात्रसभा को दोबारा जीत हासिल हुई है और एबीवीपी को एक बार फिर हार का मुंह देखना पड़ा है।
हाल ही में इलाहाबाद सेंट्रल यूनिवर्सिटी के छात्रसंघ चुनाव के परिणाम आए हैं। इसमें अध्यक्ष पद पर समाजवादी छात्रसभा के उदय प्रकाश यादव चुने गए हैं। चुनाव परिणाम आने के तुरन्त बाद ही एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने उदय और पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष के हॉस्टल के कमरे को आग के हवाले कर दिया।
हॉस्टल के कमरे में आग लगने को लेकर उदय प्रकाश ने न्यूज़सेंट्रल24×7 को बताया, “समाजवादी छात्रों की जीत आरएसएस और एबीवीपी के गुंडों के गले उतर नहीं रही है, इसलिए उन्होंने ही हमारे कमरे को आरडीएक्स से उड़ाया है। कमरे में कुछ भी नहीं बचा है। मैंने कल शाम एबीवीपी के छात्रनेताओं पर एफआईआर करवाई है। अभी अध्यक्ष पद के शपथ ग्रहण समारोह में जा रहा हूँ। शपथ लेते ही इन गुंडों के ख़िलाफ़ आमरण अनशन पर बैठूंगा, ताकि यूनिवर्सिटी को इन गुंडों से छुटकारा मिल सके और इन्हें जेल हो सके”।

इस घटना को लेकर उन्होंने अपना दु:ख सोशल मीडिया पर जाहिर किया है। उन्होंने लिखा है, “साथियों जब चुनाव जीतकर आपके साथ खुशी मनाने का समय था तब मैं अपने आवास की आग बुझाने में व्यस्त था। जो इतिहास में कभी नहीं हुआ वह काला इतिहास बनाया गया, जो इलाहाबाद विश्वविद्यालय की गरिमामयी संस्कृति को धूमिल करता है। चुनाव जीतने के 15मिनट के भीतर जीतने वाले प्रत्याशी और उसके आसपास रहने वाले छात्रों के कमरे आग के हवाले कर दिया जाते हैं और उसमें रखा सामान और रुपया पैसा लेकर हारने वाले प्रत्याशी फरार हो जाते हैं। लेकिन पुलिस प्रशासन तमाशाई बने रहते हैं। ये कोई सामान्य घटना नहीं है। पुलिस प्रशासन मौन है, क्योंकि सरकार की मशीनरी का दुरुपयोग करने वाली बीजेपी की करारी हार हुई है।”
छात्रसंघ चुनाव में समाजवादी छात्रसभा को दोबारा जीत हासिल हुई है और एबीवीपी को एक बार फिर हार का मुंह देखना पड़ा है। एबीवीपी को नुकसान गुटबाज़ी के चलते भी हुआ है हालांकि ABVP को एक और NSUI को दो पदों पर जीत हासिल हुई है।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में विजयी प्रत्याशी की सूची –
1- अध्यक्ष – उदय प्रकाश यादव 3698 (समाजवादी छात्रसभा)
2- उपाध्यक्ष – अखिलेश यादव 2157 (एनएसयूआई)
3- महामंत्री – शिवम सिंह 2823 (एबीवीपी)
4- उप मंत्री – सत्यम सिंह सन्नी 3199 (समाजवादी छात्रसभा)
5- सांस्कृतिक मंत्री – आदित्य सिंह 1832 वोट (एनएसयूआई)