आप नेता जरनैल सिंह ने पैरोडी अकाउंट के ट्वीट के आधार पर सलमान खुर्शीद पर साधा निशाना
ऑल्ट न्यूज़ की पड़ताल
आम आदमी पार्टी ने 1984 के सिख दंगों में कांग्रेस नेता सज्जन कुमार के दोषी पाये जाने पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की थी. दिल्ली उच्च न्यायालय ने सज्जन कुमार को उम्रकैद की सजा सुनाई है. प्रेस कॉन्फ्रेंस में, आप नेता जरनैल सिंह ने कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद को निशाना बनाते हुए दावा किया कि उन्हें यह जानकारी मिली है कि खुर्शीद दिल्ली उच्च न्यायालय के फैसले को चुनौती देना चाहते हैं और सज्जन कुमार को बचाना चाहते हैं.
आप के आधिकारिक फेसबुक पेज द्वारा पोस्ट किए गए इस वीडियो में 10:57 मिनट पर जरनैल सिंह के इस दावे को सुना जा सकता है, इसे एएनआई (ANI) द्वारा रिपोर्ट भी किया गया है.
मीडिया कवरेज
कैच न्यूज ने आप के प्रेस कॉन्फ्रेंस के बारे में रिपोर्ट किया और कहा कि सलमान खुर्शीद इस फैसले को चुनौती देने की योजना बना रहे हैं.

फर्स्टपोस्ट ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जरनैल सिंह की बयान रिपोर्ट करते हुए लिखा, “1984 के सिख विरोधी दंगा मामले में आप नेता जरनैल सिंह ने कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद पर निशाना साधा है.”
सलमान खुर्शीद ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया
ऑल्ट न्यूज के साथ बातचीत में, सलमान खुर्शीद ने आप के दावे को खारिज कर दिया और कहा “मैंने अभी तक कोई बयान नहीं दिया है, बयान है कहां। मैंने कुछ भी नहीं कहा है. मैंने अभी तक कोर्ट का फैसला भी नहीं पढ़ा है – (अनुवाद).”
फर्जी खबर पैरोडी अकाउंट के ट्वीट के आधार पर थी
ऑल्ट न्यूज को नेशनल हेराल्ड (@NH_420) के फर्जी डुप्लीकेट अकाउंट का एक ट्वीट मिला. आम आदमी पार्टी के आधिकारिक फेसबुक पेज पर प्रेस कॉन्फ्रेंस लाइवहोने से 50 मिनट पहले इसे ट्वीट किया गया था.
सलमान खुर्शीद को जिम्मेदार ठहरता बयान पैरोडी अकाउंट द्वारा ट्वीट किया गया था और इसी ट्वीट का आम आदमी पार्टी ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में उल्लेख किया था.
