जम्मू-कश्मीर में कहर: CPI (M) नेता सीताराम येचुरी पुलिस हिरासत में
पार्टी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल के मुताबिक उन्होंने अपने दौरे की सूचना प्रशासन को पहले से ही दे रखी थी.
श्रीनगर एयरपोर्ट से सीपीआई एम नेता सीताराम येचुरी को पुलिस हिरासत में लिया गया है. वे अपनी पार्टी के विधायक एम वाई तरिगामी के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लेने जा रहे थे.
सीपीआई एम के मुताबिक जम्मू कश्मीर की राजधानी श्रीनगर से सीताराम येचुरी को हिरासत में लिया गया. पार्टी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल के मुताबिक उन्होंने अपने दौरे की सूचना प्रशासन को पहले से ही दे रखी थी. लेकिन, इसके बावजूद भी उन्हें हिरासत में लिया गया है. सीपीआई एम ने इस कार्रवाई का कड़ा विरोध किया है.
बता दें कि जम्मू कश्मीर को प्राप्त विशेष दर्जे और अनुच्छेद 370 तथा अनुच्छेद 35 ए को निरस्त करने के बाद मोदी सरकार ने कई विपक्षी नेताओं को गिरफ़्तार किया है. जम्मू कश्मीर के दो पूर्व मुख्यमंत्रियों उमर अब्दुल्ला और महबूबा मुफ़्ती को भी पिछले दिनों गिरफ़्तार किया जा चुका है. वही जम्मू कश्मीर दौरे पर जा रहे कांग्रेसी नेता ग़ुलाम नबी आज़ाद को भी गुरुवार को श्रीनगर एयरपोर्ट से ही वापस कर दिया गया.