धज्जी-धज्जी प्रजातंत्र: जम्मू कश्मीर के दो पूर्व मुख्यमंत्रियों को किया गया नज़रबंद, इंटरनेट सेवा ठप, धारा 144 लागू
गृहमंत्री अमित शाह इस मामले पर संसद के दोनों सदनों में आज जानकारी देंगे.
केंद्र की मोदी सरकार ने जम्मू-कश्मीर में हालात गंभीर कर दिए हैं. राज्य के दो पूर्व मुख्यमंत्रियों उमर अब्दुल्ला और महबूबा मुफ़्ती सईद को नज़रबंद कर दिया है तथा राज्य में धारा 144 लागू कर दी गई है. स्कूल-कॉलेज भी अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिए गए हैं. इंटरनेट की सुविधा भी राज्य में बंद की गई है.
बता दें कि पिछले कुछ दिनों से केंद्र सरकार ने जम्मू कश्मीर में आतंकी हमले की आशंका बताकर भारी संख्या में सेना के जवानों की तैनाती की थी. साथ ही अमरनाथ यात्रा को स्थगित कर यात्रियों को वापस भेज दिया गया. रविवार, 4 अगस्त को बढ़ते घटनाक्रम में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ़्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला तथा पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ़्ती सईद को नज़रबंद कर दिया. इस पूरे वाकये के बाद कश्मीर घाटी में दहशत का माहौल है.
सोमवार की सुबह प्रधानमंत्री आवास पर केंद्रीय कैबिनेट की बैठक हुई है तथा गृहमंत्री अमित शाह 11 बजे राज्यसभा में तथा 12 बजे लोकसभा में जम्मू-कश्मीर मामले की जानकारी देंगे.
इधर, कांग्रेस सांसदों की बैठक सुबह 10:30 बजे से संसद भवन परिसर में हो रही है.