शर्मनाक: मध्यप्रदेश में मोर को मारने के आरोप में भीड़ ने एक व्यक्ति को पीट-पीट कर मार डाला
पुलिस ने इस मामले में 10 लोगों के ऊपर प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसमें 9 लोगों की गिरफ़्तारी हो चुकी है.
मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में भी भीड़ की हिंसा के मामले लगातार सामने आ रहे हैं. मध्यप्रदेश के नीमच जिले में भीड़ ने कथित रूप से मोर का शिकार करने वाले एक व्यक्ति को पीट-पीट कर मार डाला है. घटना शुक्रवार, 19 जुलाई की है. हीरालाल बांछड़ा सहित चार लोगों को ग्रामीणों ने मोर चोरी के आरोप में पकड़ा था. इसमें तीन लोग बचकर निकल गए, जबकि हीरालाल को भीड़ ने बुरी तरह मारा, जिससे ईलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
रिपोर्ट के मुताबिक नीमच जिले के लसूड़ी आंतरी गांव के लोगों ने चार लोगों को खेत की तरफ से भागते हुए देखा. भीड़ ने पीछा करके इन्हें पकड़ लिया. तीन लोग भीड़ से बचकर निकलने के कामयाब रहे. हीरालाल के पास से ग्रामीणों ने चार मरे हुए मोर पाए. इसके बाद भीड़ ने बुरी तरह से हीरालाल को मारा, जिससे ईलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
एनडीटीवी से बातचीत में नीमच जिले के एसपी राकेश सागर ने कहा, “किसी ने राज्य पुलिस की आपात सेवा 101 पर कॉल करके इस घटना की जानकारी दी थी. इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल हीरालाल को अस्पताल ले जाया गया, जहां बाद में उसकी मौत हो गई.”
रिपोर्ट के मुताबिक इस मामले में पुलिस ने 10 लोगों पर हत्या, दंगा भड़काने और एससी-एसटी एक्ट के तहत मुक़दमा दर्ज किया है. इसमें से 9 लोगों की गिरफ़्तारी अब तक हो चुकी है. पुलिस ने मोर को मारने के आरोप में हीरालाल बांछड़ा,उसके बेटे राहुल और दो अन्य लोगों पर भी मुक़दमा दर्ज किया है. इन पर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. बता दें कि भारतीय वन अधिनियम 1972 के अनुसार मोर का शिकार करने पर प्रतिबंध लगा हुआ है.