वरिष्ठ वकील इंदिरा जयसिंह और आनंद ग्रोवर के आवास पर CBI का छापा
यह छापेमारी विदेशी चंदा नियमन अधिनियम (एफसीआरए) के उल्लंघन के मामले में की गई है.
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने वरिष्ठ वकील इंदिरा जयसिंह और उनके पति आनंद ग्रोवर के आवास पर गुरुवार सुबह छापेमारी की है. विदेशी चंदा नियमन अधिनियम (एफसीआरए) के उल्लंघन के आरोप में यह छापेमारी की गई है.
जानी मानी मानवाधिकार कार्यकर्ता और वकील इंदिरा जयसिंह अपने पति के साथ मिलकर लॉयर्स कलेक्टिव नामक एनजीओ चलाती हैं. बीते 20 जून को सीबीआई ने आनंद ग्रोवर और लॉयर्स कलेक्टिव के अन्य अधिकारियों के ख़िलाफ़ मुकदमा दर्ज किया था. इसके बाद गृह मंत्रालय ने इस कंपनी का विदेशी चंदा नियमन अधिनियम (एफसीआरए) रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया.
CBI is carrying out raids at the residence of Supreme Court advocates Indira Jaising and Anand Grover, in connection with Foreign Contribution (Regulation) Act (FCRA) violation case pic.twitter.com/lM3axyurjP
— ANI (@ANI) July 11, 2019
पिछले 38 सालों में लॉयर्स कलेक्टिव ने कई बड़े मामले उठाए हैं, जैसे- नाज फाउंडेशन केस (एलजीबीटीक्यूए समुदाय से संबंधित मामला), सबरीमाला केस, तीन तलाक, सोहराबुद्दीन शेख इनकाउंटर केस आदि. गृह मंत्री और भाजपा नेता अमित शाह सोहराबुद्दीन शेख इनकाउंटर केस में आरोपी थे.