ब्राज़ील का पुराना विडियो राजस्थान में हिंदू लड़की के रेप और हत्या के झूठे दावे से शेयर
आल्ट न्यूज़ की पड़ताल
एक वीडियो, जिसमें कुछ आदमियों द्वारा एक लड़की का गला काटा जा रहा है, इसे इस संदेश के साथ साझा किया गया है कि यह लड़की हिंदू है और अपराधी लोग मुस्लिम समुदाय से हैं. संदेश में यह दावा किया गया है कि यह घटना राजस्थान में हुई थी. साझा किये गए पूरे संदेश को आप नीचे पढ़ सकते हैं:
“राजस्थान की एक हिन्दू लड़की को कुछ मुसलमान लड़कों ने घर में ले जाकर बलात्कार किया और फिर लड़की को बड़ी बेरहमी से मार डाला, और वहां की पुलिस भी कुछ नहीं कर रही है, क्योंकि जहां के वो लड़के हैं वहां मुसलमानों की आबादी ज्यादा है. कहां गई सरकार और कहां गई बेटी बचाओ का नारा देने वाले. मैं हाथ जोड़ता हूं इस वीडियो को इतना फैलाओ की इसकी आवाज मीडिया वालों और सरकार तक पहुंचे. क्योंकि ये हुआ है वो कल आपके साथ भी हो सकता है, इसकी जगह अपनी बहन को रख कर देखो और क्या करना चाहिए ऐसे लोगो के साथ ? आप से हाथ जोड़कर विनती है कि ये वीडियो हर ग्रुप में दिखना चाहिए ताकि इसकी आवाज हिंदुस्तान के सभी लोगो को सुनाई देनी चाहिए”.
व्हाट्सअप पर कई उपयोगकर्ताओं ने ऑल्ट न्यूज़ को इसकी पड़ताल करने के लिए संपर्क किया है.

ट्विटर पर भी कई उपयोगकर्ताओं ने इसी दावे के साथ यह वीडियो साझा किया है। (1, 2, 3, 4)
मोदी जी बेटी बचाओ का नारा देते हो तो इन पर कार्यवाही करो. तीन तलाक पर वोट राजनीति-?
RSS हिन्दू खतरे में है अब तो मोदी सरकार कारवाही कराओ
एक हिन्दू लड़की को कुछ मुसलमान लड़को ने घर में लेे जाकर बलात्कार किया,फिर लड़की को बड़ी बेरहमी से मार डाला,वहा की पुलिस भी कुछ नहीं कर रही है. pic.twitter.com/awQJBbX6JF
— में भी बेरोजगार हूँ Rakesh Jain kakka ji (@KakkajiRj) June 20, 2019
तथ्य जांच
गूगल पर कुछ कीवर्ड्स से सर्च करने पर, ऑल्ट न्यूज़ को मलेशिया के समाचारपत्र New Straits Times का एक लेख मिला. यह वीडियो मार्च 2018 की शुरुआत में, मलेशिया में भी वायरल हुआ था, जहां पर इसे मलेशिया के स्री अमन में हुई एक हत्या से जोड़ा गया था. उस वक़्त, मलेशिया की पुलिस द्वारा इस घटना को दक्षिण अफ़्रिका का बताया गया था.

वीडियो ब्राज़ील का है
ऑल्ट न्यूज़ ने इस वीडियो को डिजिटल वेरिफिकेशन टूल इनविड के ज़रिये कई की-फ्रेम में तोड़ा. यांडेक्स पर इन की-फ्रेम को रिवर्स सर्च करने पर, हमने पाया कि यह घटना दक्षिण अमेरिका, ब्राज़ील में हुई थी. एक 19 वर्षीय ब्राज़ीलियन लड़की, डेबोरा बेसा का अपहरण किया गया और बाद में विरोधी ड्रग गैंग के सदस्य आरोपी आंद्रे डी सूजा ने उसे मार दिया था. ब्राज़ील के एकर राज्य के सार्वजनिक सुरक्षा सचिव एमिलसन फरियास ने कहा कि डेबोरा एक प्रतिद्वंदी गैंग की सदस्य थी और उन्होंने उस ड्रग गैंग के खिलाफ आपराधिक गतिविधियों में भाग लिया था, जिसके बाद उसकी हत्या कर दी गई.

ब्राजील के समाचार पोर्टल G 1 के मुताबिक,“पीड़िता की 21 वर्षीय बहन सारा फ्रीटास बिस्सा और अन्य रिश्तेदारों ने उसकी बहुत तलाश की और बाद में उन्हें सिर्फ उसका शव मिला”.-(अनुवाद)

इस वीडियो की पहले भी SMHoaxSlayer द्वारा पड़ताल की गई है.
निष्कर्ष के रूप में, ब्राज़ील का एक पुराना वीडियो, राजस्थान में मुस्लिम समुदाय के लोगों द्वारा हिंदू लड़की का रेप कर हत्या करने के दावे के साथ साझा किया गया. हाल ही में, बांगलादेश के एक वीडियो को भारत में मुस्लिमों द्वारा हिंदू को मारने के झूठे दावे के साथ साझा किया गया था.