May a good source be with you.

मध्य प्रदेश: मवेशियों को ले जा रहे 24 लोगों को ‘गौ-रक्षकों’ ने रस्सी से बांधकर पीटा, ‘गौ माता की जय’ के नारे लगवाए, देखें विडियो

पीड़ितों के ख़िलाफ़ मध्य प्रदेश गोवंश वध प्रतिष्ठा अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर गिरफ़्तार किया गया है.

मध्य प्रदेश के खंडवा ज़िले में बीते रविवार को गौ-रक्षकों ने गाय तस्करी के आरोप में 24 से ज्यादा लोगों को रस्सी से बांधकर पीटा और ‘गौ माता की जय’ के नारे लगाने पर मजबूर किया.

पीड़ितों ने दावा किया कि वे मवेशियों के मालिक हैं और उन्हें महाराष्ट्र के पशु मेले के लिए ले जा रहे थे.

इसका घटना का एक विडियो सामने आया है. विडियो में पीड़ित एक रस्सी से बांधे हुए और घुटनों के बल बैठे दिखाई दे रहे हैं. सभी लोग अपने कान पकड़ कर ‘गौ माता जय’ के नारे लगा रहे हैं.

पीड़ित खंडवा, सीहोर, देवास और हरदा ज़िले के रहने वाले हैं, जिनमें 6 मुस्लिम भी शामिल हैं.

इस घटना को करीब 100 स्वयंभू गौ-रक्षकों द्वारा खंडवा ज़िला मुख्यालय के सांवलीखेड़ा गांव में अंजाम दिया गया है. पीड़ितों को करीब 2 से 3 किलोमीटर सड़क पर घुमाते हुए लाठी-डंडो से खदेड़कर पुलिस थाने तक ले जाया गया.

एनडीटीवी के ख़बर के अनुसार ज़िला पुलिस अधिक्षक शिवदयाल सिंह ने कहा, “हिरासत में लिए गए 24 लोगों ने दावा किया कि वे मवेशियों के मालिक हैं, लेकिन अपने दावों को साबित करने के लिए किसी के पास जरूरी दस्तावेज़ नहीं थे और ना ही प्रासंगिक दिशा-निर्देश के अनुसार वाहनों पर मवेशियों का परिवहन कर रहे थे. उन्हें मध्य प्रदेश गोवंश वध प्रतिष्ठा अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के प्रावधानों के तहत गिरफ़्तार किया गया है.”

ग़ौरतलब है कि अभी तक गौ-रक्षा के नाम पर हमला करने वाले लोगों के ख़िलाफ़ कोई कार्रवाई नहीं की गई है.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+