भाजपा सांसद के शर्मनाक बोल- मुस्लिम युवकों को दी सिर काटने की धमकी
भाजपा सांसद सोयम बापू राव ने कहा, “मैं मुस्लिम नौजवानों को एक बात बताना चाहता हूं कि अगर आप हमारी आदिवासी लड़कियों का पीछा करोगे तो आपका सिर काट दिया जाएगा.”
भारतीय जनता पार्टी के सांसद सोयम बापू राव ने मुस्लिम युवकों के बारे में एक विवादित बयान दिया है. उन्होंने कहा है कि आदिवासी लड़कियों का पीछा करने वाले मुसलमान युवकों का सिर काट दिया जाएगा. भाजपा सांसद के इस बयान का विडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
विडियो क्लिप के मुताबिक भाजपा सांसद का कहना है, “मैं मुस्लिम नौजवानों को एक बात बताना चाहता हूं कि अगर आप हमारी आदिवासी लड़कियों का पीछा करोगे तो आपका सिर काट दिया जाएगा. मैं आदिलाबाद जिले के मुसलमानों से अनुरोध करता हूं कि हमारी लड़कियों का पीछा करना छोड़ दो, वरना जब हम आपका पीछा करने लगेंगे तो आपको भारी पड़ जाएगा.”
इस मामले में अल्पसंख्यक समुदाय के एक समूह ने आदिलाबाद पुलिस को विरोध पत्र दिया है तथा भाजपा सांसद के कथित बयान पर कार्रवाई करने की मांग की है. इस विरोध पत्र में कहा गया है कि भाजपा सांसद के इस बयान से उनके समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं.
आदिलाबाद पुलिस का कहना है कि जो विरोध पत्र दिया गया है, उसमें स्पष्ट नहीं है कि भाजपा सांसद ने यह बयान कब और कहां दिया है. आदिलाबाद के एएसपी के मोहन का कहना है कि इस मामले में किसी ने भी लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है.
पीटीआई इनपुट्स पर आधारित