पंजाब के सिखों ने पेश की भाईचारे की मिसाल, कहा- जब तक हम जिंदा हैं तब तक नहीं टूटेगा हमारे गांव का मस्जिद
लुधियाना के हिडन बेट गांव में एक भी मुसलमान नहीं हैं, फिर भी वहां के सिख लोग अपने गांव की मस्जिद को बचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.
पंजाब के लुधियाना जिले के सिख समुदाय के लोगों ने एक नज़ीर पेश की है. लुधियाना के हिडन बेट गांव सिख समुदाय के लोगों की बहुलता वाला है, यहां मुसलमानों का एक भी घर नहीं है, इसके बावजूद यहां के सिख लोग अपने गांव में बने मस्जिद को नहीं तोड़ने देना चाहते हैं.
डेलीसिखअपडेट्स की ख़बर के मुताबिक हिडल बेट गांव में साल 1920 में एक मस्जिद बनी थी. तब यहां मुसलमानों की अच्छी खासी आबादी रहती थी. लेकिन, भारत-पाक बंटवारे के बाद यहां के मुसलमान पाकिस्तान चले गए. यहां रहने वाले बुजुर्गों का कहना है कि मस्जिद भगवान का घर है, इसलिए किसी का भी अधिकार नहीं है कि उसे ध्वस्त करे.
डेलीसिखअपडेट्स के मुताबिक यहां के बुजुर्ग एक सुर में कहते हैं कि जब तक उनकी जान बाकी है, तबतक इस मस्जिद का कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता.
बता दें कि सिख समुदाय के लोग दूसरे धर्म के लोगों के पवित्र स्थलों की रक्षा करते आए हैं. सिखों के छठे गुरु, गुरु हरगोबिंद साहिब जी ने मुसलमानों के लिए मस्जिद का निर्माण कराया था.