उत्तर प्रदेश: बिजली चोरी की जांच करने गये पुलिस इंस्पेक्टर पर दिन-दहाड़े हमला, देखें विडियो
हमले के दौरान आरोपियों ने इंस्पेक्टर दीपक श्रीवास्तव का मोबाइल फोन भी छिन लिया.
उत्तर प्रदेश के वाराणसी ज़िले में दिन-दहाड़े यूपी पुलिस की गाड़ी पर हमला कर दिया गया और पुलिस इंस्पेक्टर की बुरी तरह से पिटाई की गयी है. इस घटना का विडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
वायरल विडियो में स्पष्ट रुप से देखा जा सकता है कि पुलिस इंस्पेक्टर दीपक श्रीवास्तव को बुरी तरह से पीटा गया है. उनके चेहरे से खून निकल रहा है. यूपी पुलिस की गाड़ी हमलावरों से घिरी हुई है और कुछ लोग उनपर हमला कर रहे हैं. इसके साथ ही पुलिस इंस्पेक्टर के लिए काफी अभद्र भाषा का उपयोग किया जा रहा है.
Warning: Disturbing visuals, abusive language
Deepak Srivastava, a @uppolice inspector with power corporation was attacked by a mob in Varanasi during check of power theft by local shop owners near Pandeypur flyover. https://t.co/13WHS3rIPJ
— Piyush Rai (@Benarasiyaa) June 9, 2019
नवभारत टाइम्स के ख़बर के मुताबिक, यह घटना वाराणसी के पांडेयपुर इलाके की है. यहां अवैध रुप से आरओ प्लांट चलाने वाले, दुकानदारों और ठेले वालों द्वारा कटिया लगाकर बिजली चोरी की सूचना मिली थी. इस सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पावर कॉरपोरेशन के इंस्पेक्टर दीपक श्रीवास्तव जांच के लिए मौके पर पहुंचे थे. ख़बर के मुताबिक, हमलावरों ने पुलिस इंस्पेक्टर से उनका मोबाईल फोन छीन कर फरार हो गये.
विराटनगर प्लांट कॉलोनी में आरओ प्लांट का बिजली कनेक्शन चेक करने के लिए वह पांड्येपुर चौराहे पर पहुंचे थे. तभी हमलावरों ने उनकी गाड़ी पर हमला कर दिया. ख़बर के मुताबिक हमले वाली जगह से कुछ ही दूरी पर पांड्येपुर पुलिस चौकी है. लेकिन, उनकी मदद के लिए पुलिस मौके पर नहीं पहुंच पायी.
हमलावरों से अपनी जान बचाकर दीपक श्रीवास्तव कैंट थाने पहुंचे. कैंट थाना प्रभारी विजय बहादुर सिंह ने बताया, “आरओ प्लांट के संचालक इमरती लाल ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर पुलिस इंस्पेक्टर दीपक श्रीवास्तव पर हमला करवाया है. उनका मेडिकल जांच कराने के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.”
शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने इमरती लाल की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है. सीटी एसपी दिनेश कुमार सिंह इस मामले की जांच कर रहे हैं. उन्होंने बताया, “इमरती लाल को सस्पेंड किया जा रहा है. पुलिस इमरती के साथ उसके दोनों बेटों को तलाश रही है. अवैध आरओ प्लान्ट्स पर नकेल कसने के लिए फूड सेफ्टी ऐंड ड्रग विभाग की टीम को पांडेयपुर और उससे लगे इलाकों में अभियान चलाने को कहा गया है.”