फैक्ट चेकः कश्मीर में पत्थरबाजों पर कुत्तों ने नहीं किया हमला, सोशल मीडिया पर मोरक्को का विडियो वायरल
ऑल्ट न्यूज़ की पड़ताल
“सेना को पथ्थर मारते हुए कश्मीरी जिहादी ने दो कुत्ते को भी पथ्थर मार दिए …कुत्तो ने क्या रिएक्शन दिया है .. जिहादी पर बेरहमी से टूट पड़े … देखें वीडियो” – इस संदेश को आप सोशल मीडिया में साझा किये गए एक वीडियो के साथ देख सकते हैं, जिसमें एक आदमी ने जब दो कुत्तों पर कोई अज्ञात वस्तु फेंकी तो उन कुत्तों ने उनपर हमला कर दिया। इस संदेश को वीडियो के साथ फेसबुक मीडिया नाम के एक फेसबुक पेज ने पोस्ट किया है। इस पोस्ट को करीब 3,300 बार साझा किया गया है।
https://www.facebook.com/HINDURASTRASHENA/videos/249698922597995/
इसी दावे के साथ वीडियो को कई व्यक्तिगत सोशल मीडिया यूज़र्स द्वारा ट्विटर और फेसबुक पर साझा किया गया है।

यह वीडियो सोशल मीडिया पर अप्रैल 2017 से वायरल है। 2017 में फेसबुक पेज मोदीरन इंडिया द्वारा इस वीडियो को पोस्ट किया गया था, जिसे करीब 19,000 लोगों ने साझा और 17 लाख लोगों ने देखा है। यहां पर दावा किया गया है कि यह आर्मी के कुत्ते हैं।

तथ्य जांच
की-वर्ड्स के माध्यम से यूट्यूब पर सर्च करने से ऑल्ट न्यूज़ ने पाया कि इस वीडियो को छह साल पहले 25 अप्रैल, 2013 को अपलोड किया गया था। वीडियो में साझा किये गए कैप्शन में लिखा है कि यह घटना मोरक्को की है।
https://www.youtube.com/watch?v=4ypxzcYvYZo
हमने पाया कि इसी वीडियो को कई अन्य ऑनलाइन वीडियो प्लेटफार्म पर साझा किया गया है। उदाहरण के तौर पर इस वीडियो को डेली मोशन पर 22 अप्रैल, 2013 को अपलोड किया गया था, जिसमें इस घटना को कैसाब्लांका का बताया गया था। इस वीडियो की पड़ताल SMHoaxSlayer द्वारा अप्रैल, 2017 में ही कर दी गई थी।
एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर गलत दावे के साथ शेयर किया गया कि कश्मीर में पत्थरबाजों ने सेना के कुत्तों पर पत्थर फेंके, जिसके बाद प्रतिक्रिया के रूप में कुत्तों ने उन पर हमला किया।