सीरिया की लड़ाकू महिला आसिया रमजान आंतर की तस्वीर भारतीय महिला सैनिक रूप में सोशल मीडिया पर वायरल
ऑल्ट न्यूज़ की पड़ताल
“राजस्थान के तपते रेगिस्तान में पहरा देती भारतीय जवान जय हिंद” – इस संदेश को सोशल मीडिया पर एक महिला की तस्वीर के साथ साझा किया जा रहा है, जिसमें महिला ने आर्मी के जैसे कपड़े पहन रखे हैं।
हिन्दुस्तानी सेना नाम के एक फेसबुक पेज ने इस तस्वीर को साझा किया है। I Am With Indian Army ग्रुप में इस तस्वीर को एक समान दावे से पोस्ट किया गया है जिसे 49 हजार लोगों ने लाइक किया है।

इसके अलावा इस तस्वीर को फेसबुक पर कई व्यक्तिगत यूज़र्स ने इसी दावे से साझा किया है।

इस तस्वीर को ट्विटर पर भी साझा किया गया है।
सीरिया के आसिया रमजान आंतर की है यह तस्वीर
सोशल मीडिया में साझा की गई तस्वीर में दिखाई दे रही महिला सीरिया के कुर्दिस्तान की लड़ाकू महिला आसिया रमजान आंतर है, जिसे ISIS के आतंकियों ने वर्ष 2016 में मार दिया था। आसिया को उसकी खूबसूरती की वजह से ‘कुर्दिश एंजलिना जॉली’ कहा जाता था।

इस घटना को अंतरराष्ट्रीय मीडिया संगठन BBC , द टाइम्स से लेकर भारतीय मीडिया संगठन जैसे कि ज़ी न्यूज़, वनइंडिया ने प्रकाशित किया था। तस्वीर को Alberto Hugo Rojas नामक फॉटोग्राफर ने फ़ेसबूक पर नवम्बर, 2016 में पोस्ट किया था।

सोशल मीडिया पर किया गया दावा कि यह महिला भारतीय है और राजस्थान के रेगिस्तान में सेना के लिए कार्य कर रही हैं, गलत है। इस तस्वीर के साथ किये गए दावे की तथ्य-जांच टाइम्स ऑफ़ इंडिया और एएफपी फैक्ट चेक द्वारा पहले की गई है।