May a good source be with you.

शर्मनाक: BHU में दलित छात्राओं से जबरन साफ़ कराया टॉयलेट

गृह विज्ञान विभाग के एक प्रोफेसर ने दलित समुदाय की दो शोध छात्राओं से जबरन टॉयलेट साफ कराया है.

बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय में दलित छात्राओं से टॉयलेट साफ़ कराए जाने का मामला प्रकाश में आया है. यह मामला मार्च महीने का है. यहां महिला महाविद्यालय की दो दलित छात्राओं से एक प्रोफ़ेसर ने सेमिनार के दौरान सफाई कराई थी. इस मामले में कुलपति के आदेश पर जांच टीम गठित की गई है.

इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक बीएचयू से संबद्ध महिला महाविद्यालय की अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की दो छात्राओं से प्रोफ़ेसर ने जबरन टॉयलेट साफ कराया है. बीएचयू के एक वरिष्ठ प्रोफेसर का कहना है, “गृह विज्ञान विभाग के एक प्रोफेसर ने दलित समुदाय की दो शोध छात्राओं से जबरन टॉयलेट साफ कराया है. यह मामला तब का है, जब विभाग में एक सेमिनार आयोजित किया गया था.”

प्रोफेसर का कहना है कि छात्राएं इस घटना के बारे में भय के कारण शिकायत दर्ज नहीं करा रही थीं, लेकिन एक गैर-शैक्षणिक कर्मचारी ने राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के पास शिकायत दर्ज कराई.

महिला महाविद्यालय की प्रिंसिपल चंद्रकला त्रिपाठी का कहना है, “मुझे व्यक्तिगत रूप से इस घटना के बारे में कोई जानकारी प्राप्त नहीं हुई है. एक गैर-शैक्षणिक कर्मचारी ने इस बाबत शिकायत दर्ज कराई थी और अब इसमें जांच कमेटी गठित कर दी गई है. इस कमेटी का नेतृत्व हमारे राजनीति विज्ञान के असिस्टेंट प्रोफ़ेसर कर रहे हैं. इसमें 5-6 अन्य सदस्य भी हैं.”

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+