अरुणाचल प्रदेश: पोलिंग टीम पर हमला कर EVM चुरा ले गए नकाबपोश बदमाश, बीजेपी की सहयोगी पार्टी NPP पर लगे आरोप
नेम्प सेक्टर मजिस्ट्रेट रिडो तारक ने कहा, “हथियारबंद बदमाशों ने शाम 5 बजे के क़रीब टीम पर हमला किया. उन्होंने अंधाधुंध कई राउंड फायरिंग की. उनके हथियारों में AK-47 राइफलें भी शामिल थी.”
अरुणाचल प्रदेश के कुरुंग कुमे ज़िले में बीते सोमवार को ईवीएम की सुरक्षा को लेकर एक बड़ी घटना तब घटी जब करीब 500 नकाबपोश लोगों ने पोलिंग टीम पर हमला कर ईवीएम छीन फरार हो गए.
अरुणाचल टाइम्स के ख़बर के मुताबिक़ पोलिंग टीम नेम्प मतदान केंद्र पर जा रही थी, जहां मंगलवार को फिर से मतदान हुआ. अख़बार को पहचान नहीं बताने के शर्त पर एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमलावर नेशनल पीपुल्स पार्टी के थे. यह पार्टी पूर्वोत्तर के राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की सहयोगी है. अरुणाचल प्रदेश विधानसभा की 60 में से 16 सीटों पर एनपीपी का कब्जा है.
द हिंदु की रिपोर्ट के अनुसार जिस टीम पर हमला हुआ उसमें केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवान और भारतीय रिर्जव बटालियन के दो सेक्शन भी शामिल थे.
नेम्प सेक्टर मजिस्ट्रेट रिडो तारक ने कोलोरियांग पुलिस स्टेशन में इस हमले की प्राथमिक रिपोर्ट दर्ज कराई गई है. रिडो तारक ने कहा, “हथियारबंद बदमाशों ने शाम 5 बजे के क़रीब टीम पर हमला किया. उन्होंने अंधाधुंध कई राउंड फायरिंग की. उनके हथियारों में AK-47 राइफलें भी शामिल थी.” मजिस्ट्रेट ने यह भी कहा कि सीआरपीएफ़ ने दोनों तरफ से हताहत होने की आशंका के चलते जवाबी फायरिंग नहीं की.
एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि, हमलावर सुरक्षाबलों और मतदानकर्ताओं के दल पर हावी हो गए थे. उन्होंने ईवीएम मशीनों को उन्हें सौंपने के लिए मजबूर किया और फिर उसे लेकर चले गए.
कुरूंग के ज़िला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि, “पोल टीम सुरक्षित लंगबंग से कोलोरियांग लौट गई है. चुनाव आयोग हमले में हुए ईवीएम नुकसान के बावजूद भी मतदान कराने के लिए तैयार है.” अधिकारी ने कहा कि एक वैकल्पिक टीम को दूसरे मार्ग से नैम्प भेजा गया है.
पीटीआई के अनुसार, पोल पैनल ने कोलोरियांग निर्वाचन क्षेत्र के करा दादी ज़िले की टाली सीट के एक बूथ पर मंगलवार को फिर से मतदान कराने का आदेश दिया था.