May a good source be with you.

सिक्किम: अधिक वोट शेयर लाने वाली पार्टी को भी हार का स्वाद चखा गए एग़्जिट पोल, ग़लती सामने आई तो वेबसाइट से हटाया

इंडिया टुडे-एक्सिस एग़्जिट पोल ने 44 प्रतिशत वोट लाने वाली सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (एसडीएफ) को विजयी तो 46 वोट प्रतिशत लाने वाली सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) को पराजित बताया.

इंडिया टुडे-एक्सिस एग़्जिट पोल द्वारा जारी किए गए राज्यवार आंकड़ों में भारी गड़बड़ियां है. जब इसका खुलासा हो रहा है तो एजेंसी द्वारा कन्टेंट को वेबसाइट से हटाया लिया जा रहा है.

एजेंसी ने अपने एग़्जिट पोल में सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (एसडीएफ) को राज्य में विजयी दिखाया था. इसमें एसडीएफ को मात्र 44 प्रतिशत वोट जबकि हारने वाली सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) को 46 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान लगाया गया. अब सवाल यह उठता है कि मात्र एक सीट के लिए हुए चुनाव में सबसे अधिक वोट प्रतिशत लाकर भी एक पार्टी कैसे हार जाती है. इस खुलासे के बाद एजेंसी की काफ़ी फजीहत हुई. रिएक्शन को देखते हुए उन आंकड़ों को इंडिया टुडे ने अपनी वेबसाइट से हटा दिया है.

इसके साथ ही एसकेएम और एसडीएफ के बीच के अंतर को भी कम कर दिया गया है, जिसे पहले अधिक बताया गया था.

ग़ौरतलब है कि सिक्किम सीट 1996 से ही एसडीएफ का गढ़ रही है. पार्टी ने सांसद प्रेम दास राय के स्थान पर डीके बहादुर कत्याल को मैदान में उतारा है.  सिक्कम में एसडीएफ के टूटने के बाद एसकेएम बना है जिसके उम्मीदवार इंद्रचंद्र सुब्बा चुनावी मैदान में हैं.

इस निर्वाचन क्षेत्र में 11 अप्रैल को  मतदान हुआ था.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+