सबका साथ सबका विकास? दलितों ने PM मोदी की रैली में जाने से किया इनकार तो BJP समर्थकों ने की बर्बर पिटाई
इस हमले में गंभीर रूप से घायल विकास और अन्य घायल दलितों को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है.
उत्तर प्रदेश के चंदौली में बीते गुरुवार पीएम मोदी की रैली में जाने से मना करने पर भाजपा समर्थकों ने दलितों की लाठी-डंडों से बर्बर पिटाई कर दी. घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
मीडियाविजिल की ख़बर के अनुसार चंदौली में स्थित बिसुंधरी गांव के विकास नामक दलित युवक के साथ कुछ लोगों ने मार-पीट को उस समय अंजाम दिया जब वह अपने कोचिंग की तरफ़ जा रहा था. उसी दौरान रास्ते में शेर सिंह नामक व्यक्ति समेत अन्य लोगों ने उसे जबरदस्ती मोदी की रैली में ले जाने की कोशिश की. जब विकास ने रैली में जाने से इंकार किया तो उसके साथ मारपीट को अंजाम दिया गया. जब विकास के बचाव में अन्य दलित घटना स्थल पर पहुंचे तो उनकी भी लाठी-डंडों से बुरी तरह पिटाई की गई.
इस हमले में गंभीर रूप से घायल विकास और अन्य घायल दलितों को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है. घायल विकास ने मीडियाविजिल को बताया, “उसने मोदी की रैली में जाने से मना किया इसलिए उसके साथ मारपीट की गई.”
हालांकि घायल युवक के पिता द्वारा दर्ज कराई गई एफ़आईआर में इस बात का जिक्र नहीं है. युवक के पिता रामाश्रय ने बताया, “एफआईआर कराते वक्त विकास बेहोश था. इसलिए पिटाई का असल कारण का पता नहीं था. जिसकी वज़ह से एफआईआर में रैली की वजह पिटाई का जिक्र नहीं है.”
विकास ने होश में आने के बाद पूरी घटना के बारे में अपने पिता को जानकारी दी. इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के ख़िलाफ़ एससी एसटी एक्ट सहित आईपीसी की धारा 147, 148, 325, 504, 506 के तहत मामला दर्ज किया है.