May a good source be with you.

मोदी जी के इंटरव्यू में उनके हाथ में था पर्चा, जिसमें लिखे थे इंटरव्यू के सवाल और जवाब भी, कैमरे ने पकड़ी चोरी

टीवी चैनल न्यूज़ नेशन को दिए गए इंटरव्यू में प्रधानमंत्री मोदी से जो सवाल पूछे गए थे, वो पहले से लिखकर दे दिए गए थे.

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इन दिनों चुनिंदा टीवी चैनलों पर लगातार इंटरव्यू दे रहे हैं. विपक्षी दलों का आरोप रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी के साक्षात्कारों में सवाल और जवाब पहले से तय होते हैं, उन्हें बस रिकॉर्ड किया जाता है. अब जो सच्चाई सामने आई है उससे विपक्ष का यह आरोप सही साबित होता है. टीवी चैनल न्यूज़ नेशन को दिए गए हालिया इंटरव्यू में प्रधानमंत्री मोदी को पहले से ही सवाल और जवाब लिखकर दे दिए गए थे.

ट्विटर पर प्रधानमंत्री मोदी के इंटरव्यू का विडियो वायरल हो रहा है. इस विडियो में पन्ना दिखाई देता है, जिसपर सवाल और जवाब पहले से तय होते हैं. पत्रकार दीपक चौरसिया इसी सवाल को पूछते हैं और प्रधानमंत्री मोदी इसी लिखे गए जवाब को सुना देते हैं.

दरअसल, विडियो में इंटरव्यू का 27वां प्रश्न एक पन्ने पर लिखा हुआ पाया गया है. इसमें लिखा है, “चलते-चलते मैं कवि नरेन्द्र मोदी से ये जानना ……कुछ लिखा है क्या?” इस सवाल का जवाब इसी पन्ने पर नीचे लिखा गया है, जिसमें एक लंबी कविता लिखी गई है. प्रधानमंत्री मोदी ने इंटरव्यू में इस कविता को पढ़कर सुनाया था.

बता दें कि अपने पांच साल के कार्यकाल में प्रधानमंत्री मोदी ने एक भी प्रेस कॉन्फ़्रेंस नहीं किए हैं. हालांकि कुछ इंटरव्यू प्रधानमंत्री ने जरूर दिए हैं, लेकिन उनमें पूछे गए सवालों के कारण वे लगातार निशाने पर रहे हैं. मसलन प्रधानमंत्री मोदी के साक्षात्कार में इस तरह के सवाल पूछे गए हैं, “प्रधानमंत्री जी आप थकते क्यों नहीं हैं? कोई टॉनिक वॉनिक लेते हैं क्या?”,”आप आम कैसे खाते हैं?”

मोदी सरकार के पांच साल के कार्यकाल में मीडिया की स्वतंत्रता को लेकर सवाल उठते रहे हैं. हाल ही में जारी वर्ल्ड प्रेस फ्रीडम इंडेक्स में भारत 180 देशों में 140वें नंबर पर है.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+