आजमगढ़ में बुजुर्ग वोटरों के बदले खुद वोट डाल रहे हैं चुनाव अधिकारी: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने EC से की शिकायत
आजमगढ़ के बूथ संख्या 56 पर कई लोगों ने शिकायत की कि कई बुजुर्ग लोग, जो वोट देने में असमर्थ थे, चुनाव अधिकारियों ने खुद उनकी जगह पर वोट डाले.
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में मतदान अधिकारियों द्वारा चुनाव में धांधली की ख़बरें सामने आई है. सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग से शिकायत की है कि मतदान केंद्र पर मौजूद अधिकारी बुजुर्ग वोटरों के वोट खुद से डाल रहे हैं.
मिरर नाउ की ख़बर के मुताबिक आजमगढ़ के बूथ संख्या 56 पर जब दोपहर में वोटिंग शुरू हुई तो कई लोगों ने शिकायत की कि कई बुजुर्ग लोग, जो वोट देने में असमर्थ थे, चुनाव अधिकारियों ने खुद उनकी जगह पर वोट डाले. इसके बाद सपा मुखिया अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग से इसकी शिकायत की है. मिरर नाउ के मुताबिक आजमगढ़ के जिलाधिकारी ने कहा है कि वे मामले की जांच कर रहे हैं. जिलाधिकारी ने कहा है कि प्रथम दृष्ट्या कोई ग़लती नहीं पाई गई है.
#IndiaVotes | SP President @yadavakhilesh moves EC citing #MCCViolation; alleges that EC officials are casting bogus votes on behalf of aged voters in #Azamgarh, U.P. @AlokReporter reports
#LokSabhaElections2019 #GetInked #Phase6 pic.twitter.com/HbQflxXFxg— Mirror Now (@MirrorNow) May 12, 2019
बता दें कि आजमगढ़ लोकसभा सीट से अखिलेश यादव खुद चुनाव मैदान में हैं. उनके सामने भोजपुरी सिनेमा के एक्टर दिनेश लाल यादव निरहुआ को भाजपा ने उतारा है. आजमगढ़ सहित उत्तर प्रदेश की 14 सीटों पर 6ठे चरण में 12 मई को वोट डाले जा रहे हैं. 19 मई को अंतिम व आख़िरी चरण की वोटिंग के बाद देशभर में 23 मई को वोटों की गिनती की जाएगी.