पश्चिम बंगालः कोई भी बटन दबाने पर खिल रहा है कमल, EVM में गड़बड़ी को लेकर मतदाताओं ने किया हंगामा, रोकना पड़ा मतदान
मतदाता इस मामले की शिकायत लेकर पीठासीन पदाधिकारी के पास पहुंचे और फिर से मतदान कराने की मांग की.
पश्चिम बंगाल के बांकुरा लोकसभा क्षेत्र में स्थित बिष्णुपुर के मतदान केंद्र के 210 नंबर बूथ पर अचानक मतदान प्रक्रिया को रोकना पड़ा. यहां मतदाताओं ने आरोप लगाया कि कोई भी बटन दबाने पर वोट भाजपा की झोली में जा रहे हैं.
हरिजन प्राइमरी स्कूल में पहुंचे मतदाताओं ने दावा किया कि वीवीपैट में साफ दिख रहा है कि वोटर द्वारा कोई भी बटन दबाने पर वोट कमल के फूल को ही जा रहा है. इस गड़बड़ी को लेकर क्रोधित मतदाताओं ने पोलिंग बूथ पर हंगामा शुरू कर दिया.
प्रभात ख़बर के मुताबिक, मतदाता इस मामले की शिकायत लेकर पीठासीन पदाधिकारी के पास पहुंचे और फिर से मतदान कराने की मांग की. पीठासीन अधिकारी ने जांच में मतदाताओं के आरोप को सही पाया.
अधिकारियों ने कहा कि मतदान के लिए दूसरी मशीन मंगाई जा रही है और तब तक मतदान को रोक दिया गया है.
ग़ौरतलब है कि मतदान प्रक्रिया शुरू होने के लगभग 45 मिनट बाद गड़बड़ी का खुलासा हुआ.
बता दें कि, ईवीएम मशीन में होने वाली गड़बड़ियों को लेकर 21 विपक्षी दलों ने चुनाव के दौरान ईवीएम मशीन के साथ 50 प्रतिशत वीवीपैट का भी इस्तेमाल करने की मांग की थी. लेकिन, सुप्रीम कोर्ट ने इस याचिका को खारिज़ कर दिया था.