May a good source be with you.

BJP के नेता हर भाषण में पाकिस्तान की बात करते हैं, लेकिन कांग्रेस का हर नेता अपने हर भाषण में हिन्दुस्तान की बात करता है- प्रियंका गांधी

प्रियंका गांधी ने कहा, “भाजपा का राष्ट्रवाद मोदी से शुरू होकर मोदी पर ही खत्म होता है, लेकिन कांग्रेस राष्ट्र के लोगों- किसान, जवान, मजदूर और महिला की बात सुनकर काम करती है.”

लोकसभा चुनाव 2019 से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत करने वाली कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के आगमन से सियासी गलियारों में हलचल पैदा हो गई थी. पूर्वी उत्तर प्रदेश की बागड़ोर थामें प्रियंका ने अपनी हरेक मुद्दे पर बड़ी ही बेबाकी से अपनी बात रखी है.

हिंदुस्तान के प्रधान संपादक शशि शेखर  ने प्रियंका गांधी से खास बातचीत की है. इस साक्षात्कार में प्रियंका ने लोकतंत्र, संविधान, राष्ट्रवाद और भाजपा व कांग्रेस के भाषणों पर अपनी बात रखी.

  • राजनीति में आने हो लेकर प्रियंका ने कहा, “खास वजह यह थी कि मैंने सोचा कि अभी जब लोकतंत्र, संविधान और संस्थाओं पर हमला हो रहा है, तो इस समय घर पर बैठना और राजनीति में न आना कायरता होगी और मैं इस कायरता के साथ नहीं जी सकती.”
  • प्रियंका ने कहा, “भाजपा के सभी नेता अपने हर भाषण में पाकिस्तान की बात करते हैं. कांग्रेस का हर नेता अपने हर भाषण में हिन्दुस्तान की बात करता है, हिन्दुस्तान की समस्याओं की बात करता है, नौजवानों की समस्याओं की बात करता है. किसानों की समस्याओं की बात करता है, महिलाओं की समस्याओं की बात करता है, गरीबों की समस्याओं की बात करता है. इस सवाल का यही जवाब है.”
  • कांग्रेस के चुनावी मुद्दें और भाजपा की राष्ट्रवाद जैसी मुद्दों के सवाल पर कांग्रेस महासचिव ने कहा, “राष्ट्रवाद की बात तो हम भी कर रहे हैं. भाजपा के राष्ट्रवाद में लोगों का कोई महत्व नहीं है. हम कह रहे हैं कि राष्ट्र के लोगों की सुनो- किसानों, जवानों, नौजवानों, मजदूरों, महिलाओं की बात सुनो.  ये सब मिलकर राष्ट्रवाद बनाते हैं. हम तो उनकी उनसे सुनकर उनके लिए काम कर रहे हैं. भाजपा का राष्ट्रवाद शुरू मोदी नाम से होता है, खत्म मोदी के नाम पर होता है. तभी तो इनका ‘मोदी की सेना’ जैसा अपमानित करने वाला लहजा होता है.”
  • उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की जीत की संभावन पर उन्होंने कहा, काफी सारी सीटों पर हम पूरी मजबूती के साथ लड़ रहे हैं. हमारे उम्मीदवार अच्छे हैं, संगठन उत्साहित है. कार्यकर्ता पूरी तरह से लगे हुए हैं. किसी संगठन में आमतौर पर जो कमियां होती हैं, उनको एक साथ तो दूर नहीं कर सकते, लेकिन सबकी कोशिश यही है कि एक साथ मिलकर अच्छी लड़ाई लड़ें.“
  • कांग्रेस की न्याय योजना को लेकर प्रियंका गांधी ने कहा, “न्याय एक ऐसी योजना है, जो गेमचेंजर साबित हो सकती है, क्योंकि आज की जो स्थिति है, उसमें किसान, गरीब, और जो बेरोज़गार नौजवान हैं- पूरी तरह से प्रताड़ित और त्रस्त हैं. उनके लिए जो सरकारी सपोर्ट सिस्टम होते थे, जो किसानों के लिए योजनाएं थीं, जो मनरेगा जैसी योजनाएं थीं, उनको कमजोर किया गया. ऐसे समय में अगर उनको एक बेसिक आय और बेसिक समर्थन मिले, जिसके जरिए गरीबी के दलदल से कोई परिवार ऊपर उठ पाए, तो कम से कम वह शुरुआत तो कर सकता है. विकास की आशा तो कर सकता है. इसलिए यह योजना गेम चेंजर साबित होगी.”
  • उन्होंने कहा, “भाजपा ने जान-बूझकर यह दुष्प्रचार किया है कि न्याय योजना के लिए मध्यवर्ग पर करों का बोझ लादा जाएगा. यह एकदम गलत प्रचार है और मैं स्पष्ट करना चाहती हूं कि ऐसा कोई बोझ मिडिल क्लास पर नहीं पड़ेगा. पांच साल में गरीबों, किसानों, महिलाओं, नौजवानों के साथ जो अन्याय हुआ है, उस अन्याय को मिटाने के लिए यह न्याय योजना बहुत ही महत्वपूर्ण है.”
  • कांग्रेस के ‘चौकीदार बड़े लोगों के होते हैं’ अभियान पर उन्होंने कहा, “देखिए, देश की जनता सच्चाई को बहुत अच्छी तरह से समझती है. यह बात जनता के विवेक से उभरी है और यही सच्चाई है. चौकीदार अमीरों के यहां होते हैं, गरीबों के यहां नहीं होते.”
  • जीवन के सबसे दुखद अनुभव को बताते हुए प्रियंका ने कहा, “बचपन में मुझे जैसी हिंसा का अनुभव हुआ, जब मेरी दादी और मेरे पिताजी की हत्या हुई, उससे मेरे जीवन में काफी बदलाव आए और उसका काफी प्रभाव पड़ा. वैसी हिंसा से मैं अपने बच्चों को जरूर दूर रखना चाहती हूं. और मैं हमेशा चाहती थी कि मेरे बच्चों का एक साधारण जीवन हो. मैं चाहती थी कि उनकी निजी जिंदगी इस राजनीतिक ताम-झाम से तब तक दूर रहे, जब तक कि वे इसको पूरी तरह से समझने लायक न हो जाएं.”
  • राहुल के प्रधानमंत्री बनने को लेकर प्रियंका ने कहा, “एक बहन होने के नाते मैं यही चाहूंगी कि मेरा भाई खुश हो. मैं चाहूंगी कि मेरे भाई जिस भी तरह से अपने जीवन को पूर्णता के साथ जी सकते हैं, वह सब उन्हें मिले, वह सफल हों.”

इसे भी पढ़ें- नरेन्द्र मोदी तो नहीं पर राहुल गांधी ने दिया रवीश कुमार को इंटरव्यू, कहा- मैंने मोदी से सिखा कि देश कैसे नहीं चलाना है

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+