बलात्कारी और हत्यारी है नीतीश की सरकार, वोट से करें चोट: राबड़ी देवी
राबड़ी देवी ने यह बयान मुज़फ़्फ़रपुर शेल्टर होम में 34 नाबालिग बच्चियों के साथ रेप की घटना को लेकर दिया है.
बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और राजद नेता राबड़ी देवी ने सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए बिहार सरकार को हत्यारा और बलात्कारी करार दिया है.
राबड़ी देवी ने कहा है कि हत्यारे और बलात्कारी सरकार को सत्ता से बेदख़ल करने के लिए वोट की चोट करें.
उन्होंने ट्वीट कर कहा, “जिसकी सरकार में महिला के इज्जत को निलाम किया जा रहा है, बेसहारा और अनाथ बच्चियों के साथ बालात्कार और यौन उत्पीड़न हुआ, जिस लड़की ने इसके ख़िलाफ़ बोलने की कोशिश की उसकी हत्या कर दी गई. ये कैसा कानून है? ऐसे अन्यायी, बालात्कारी और हत्यारी सरकार को ज़मीनदोज करने के लिए वोट की चोट दें.”
जवना राज में महिला के इज्जत रोज तार-तार हो रहल बा,बेसहारा अवरू अनाथ बच्चियन के साथ बलात्कार,यौनउत्पीड़न भईल बा और जवन लईकी मुँह खोललस अकरा के हत्या कर माटी में गाड़ देलस।ई कैसन कानून के राज बा? अईसन अन्यायी, बलात्कारी अवरू हत्यारा सरकार के जमीनदोज करे खातिर वोट के चोट देबे के बा।
— Rabri Devi (@RabriDeviRJD) May 11, 2019
ग़ौरतलब है कि राबड़ी देवी ने यह बयान मुज़फ़्फ़रपुर शेल्टर होम में 34 नाबालिग बच्चियों के साथ रेप की घटना को लेकर दिया है. इस मामले में बीते 4 मई को सीबीआई ने 30 पेज का हलफनामा सुप्रीम कोर्ट में पेश किया था, जिसमें कहा गया कि इस मामले के मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर और उसके सहयोगियों ने 11 लड़कियों की हत्या की थी और एक श्मशान घाट से हड्डियों की पोटली बरामद हुई है. दरअसल, मुज़फ़्फ़रपुर शेल्टर होम का मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का क़रीबी माना जाता है.