प्रियंका गांधी ने जीता दिल: ट्यूमर से पीड़ित बच्ची को इलाज के लिए प्राइवेट विमान से दिल्ली भेजा
प्रियंका गांधी ने चुनाव प्रचार के लिए प्रयागराज पहुंचे कांग्रेसी नेताओं के विमान से पीड़ित बच्ची और उसके परिजनों को दिल्ली भेजा.
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सराहनीय कार्य करते हुए ट्यूमर से पीड़ित एक बच्ची को इलाज के लिए प्राइवेट विमान से दिल्ली भेजा है. प्रयागराज के कमला नेहरू चिकित्सालय में इलाजरत इस बच्ची को जल्दबाज़ी में दिल्ली के एम्स ले जाना था. बच्ची के परिजनों ने प्रियंका गांधी से संपर्क किया, जिसपर तुरंत संज्ञान लेते हुए प्रियंका ने चुनाव प्रचार में आए अपने नेताओं के विमान से बच्ची को दिल्ली भेजा.
आज तक की ख़बर के मुताबिक कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव शुक्ला, गुजरात कांग्रेस के नेता हार्दिक पटेल चुनाव प्रचार के लिए प्रयागराज पहुंचे थे. तभी एक बच्ची के परिजनों ने प्रियंका गांधी से संपर्क किया और दिल्ली जल्दी पहुंचने की आवश्यकता जाहिर की. इसके बाद प्रियंका गांधी ने कांग्रेसी नेताओं के विमान से बच्ची और उसके परिजनों को दिल्ली भेजा. इसके साथ ही प्रियंका गांधी ने कहा कि वह बच्ची के इलाज के वक्त दिल्ली के एम्स में मौजूद रहेंगी.
प्रियंका गांधी द्वारा नेक फ़ैसले लेने का यह पहला मामला नहीं है. कांग्रेस महासचिव बनने के तुरंत बाद प्रियंका ने दिल्ली के झुग्गी बस्तियों में रहने वाले विकलांग युवक से मुलाकात कर परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया था.
बता दें कि प्रियंका गांधी को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की कमान सौंपी गई है. अपनी जनसभाओं और जन संपर्क के द्वारा प्रियंका गांधी लगातार इस क्षेत्र में सक्रिय हैं.