May a good source be with you.

CJI रंजन गोगोई को क्लीन चिट मिलने के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन, पुलिस ने 35 लोगों को हिरासत में लिया

बीते सोमवार को सुप्रीम कोर्ट की तीन-सदस्यीय इन-हाउस जांच कमेटी ने सीजेआई रंजन गोगोई पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर क्लीन चिट दी थी.

चीफ़ जस्टिस रंजन गोगोई को यौन उत्पीड़न मामले में क्लीन चिट मिलने के ख़िलाफ़ प्रदर्शन करने वाली 25 महिलाओं समेत 35 लोगों को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है. दरअसल, शुक्रवार को ये लोग मंडी हाउस से विरोध मार्च निकालने वाले थे.

महिला संगठनों द्वारा विरोध प्रदर्शन को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था. अधिकारी ने बताया कि हिरासत में लिए गए सभी व्यक्तियों को मंदिर मार्ग पुलिस स्टेशन ले जाया गया है.

बता दें कि बीते बुधवार को भी कनॉट प्लेस में गोगोई को दी गई क्लीन चिट पर आपत्ति जताते हुए विरोध प्रदर्शन कर रही 17 महिलाओं को पुलिस ने हिरासत में लिया गया था.

इसे भी पढ़ें- शर्मनाक: CJI रंजन गोगोई को क्लीन चिट मिलने के ख़िलाफ़ प्रदर्शन कर रही महिलाओं को दिल्ली पुलिस ने घंटों तक थाने में रखा बंद

बीते सोमवार को सुप्रीम कोर्ट की तीन-सदस्यीय इन-हाउस जांच कमेटी ने सीजेआई रंजन गोगोई पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर क्लीन चिट दी थी. जांच कमेटी ने पूर्व महिला कर्मचारी द्वारा गोगोई के ख़िलाफ़ लगाए यौन उत्पीड़न के आरोपों को बेबुनियाद बताया था.

दरअसल, महिला को कमेटी ने अपने पक्ष के लिए वकील रखने की भी अनुमति नहीं थी. बाद में महिला ने सुनवाई में भाग लेने से इनकार करते हुए कहा था कि इस कमेटी से मुझे न्याय की उम्मीद नहीं है.

विरोध में शामिल सामाजिक कार्यकर्ता एनी राजा ने पीटीआई से कहा कि कानूनी प्रक्रिया का पूर्ण निषेध और उल्लंघन कानून के मौजूदा नियमों को अस्वीकार्य है.

उन्होंने कहा, “यह एक ऐसी मिसाल कायम करेगा जिसका आने वाले साल में बहुत खतरनाक असर पड़ेगा.”

पीटीआई इनपुट्स पर आधारित

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+