रोज़गार को लेकर ख़फ़ा दसवीं के छात्र ने प्रधानमंत्री की रैली में लहराया काला झंडा, भाजपा समर्थकों ने बेरहमी से पीटा
एसएसपी अतुल शर्मा ने कहा कि, छात्र अंकित से पूछताछ की जा रही है और उसके ख़िलाफ़ मुकदमा दर्ज होगा.
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विजय संकल्प रैली के दौरान दसवीं के एक छात्र को काला झंडा दिखाने को लेकर बेरहमी से पीटा गया है. दरअसल, किशोर देश में फैली बेरोज़गारी से खफ़ा था. इसलिए पीएम मोदी का विरोध करने रैली में पहुंच गया.
शहर के परेड मैदान में आयोजित रैली में अंकित प्रधान नामक किशोर कुर्सी पर चढ़ गया और पीएम के ख़िलाफ़ नारेबाजी कर काला झंडा लहराने लगा. मोदी के ख़िलाफ़ नारेबाजी और लहराते हुए झंडे को देखकर पार्टी समर्थक उस पर टूट पड़ें. गुस्साए लोगों ने किशोर को ज़मीन पर गिराकर जमकर पीटा. हालांकि, मौके़ पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने किशोर को भीड़ से बाहर निकाल जान बचाई.
ग़ौरतलब है कि पीएम की जनसभा के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. सभा स्थल पर जाने से पहले सबकी चेकिंग भी की जा रही थी. इसके बावजूद भी किशोर सुरक्षाकर्मियों की नज़र से काला झंडा छुपाकर अंदर तक पहुंच गया था.
पीएम मोदी शाम को 6:44 मिनट पर मंच पर पहुंचे. पीएम का भाषण शुरु होने के कुछ देर बाद ही मंच के ठीक सामने अंकित प्रधान कुर्सी पर खड़ा हो गया और काला झंडा दिखाने लगा. हालांकि, कुछ सेकेंड में ही भीड़ ने उसे कुर्सी से नीचे खींच लिया.
सबरंग इंडिया की ख़बर के मुताबिक, किशोर बेरोज़गारी को ख़फ़ा था और सभा से बाहर जाते वक़्त वह बोला, “हां, मैं विरोध करता हूं. युवाओं को रोज़गार चाहिए. मैं बस विरोध करने आया था. भाजपा वालों ने मुझे बहुत पीटा.”
बता दें कि हाईस्कूल का छात्र अंकित मेजा थाना क्षेत्र के उपरोडा, सिरसा गांव निवासी राजेंद्र प्रसाद यादव का बेटा है.उसके पिता किसान हैं.उसकी उम्र 15 साल बताई जा रही है.छात्र के घरवाले किसी भी राजनीतिक दल से नहीं जुड़े हैं. इसके साथ परिजनों को अंकित द्वारा किए गए घटना की कोई ख़बर नहीं थी. पुलिस वालों से उन्हें इस घटना की सूचना मिली.
सबरंग इंडिया के मुताबिक, एसएसपी अतुल शर्मा ने कहा कि, पकड़े गए अंकित से पूछताछ की जा रही है. उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज होगा.