जम्मू कश्मीर: पुलवामा में मतदान केन्द्र पर ग्रेनेड हमला
धमाके में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
जम्मू कश्मीर की अनंतनाग लोकसभा सीट के लिए चल रहे मतदान के बीच आतंकवादियों ने पुलवामा जिले में एक मतदान केन्द्र को निशाना बना कर ग्रेनेड फेंका. पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलवामा में रोहमू मतदान केन्द्र पर ग्रेनेड फेका गया लेकिन उससे हुए धमाके में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी की है. जम्मू कश्मीर में इस लोकसभा चुनाव के दौरान किसी मतदान केन्द्र पर आतंकवादी हमले की यह पहली घटना है. गौरतलब है कि अनंतनाग लोकसभा क्षेत्र के तहत आने वाले पुलवामा और शोपियां जिलों में मतदान चल रहा है.
पीटीआई के अनुसार चुनाव के एक दिन पहले आतंकवाद प्रभावित पुलवामा जिले की सड़कों पर घोर सन्नाटा पसरा हुआ था. लोग एक-दूसरे से मिलजुल रहे हैं लेकिन बातचीत में सावधानी बरत रहे थे. वे चुनाव छोड़कर किसी भी मुद्दे पर बातचीत करने के इच्छुक थे.
बता दें कि पुलवामा में गत 14 फरवरी को एक आत्मघाती हमलावर ने सीआरपीएफ के काफिले से अपनी कार को टकरा दिया था जिसमें 40 जवान शहीद हो गये थे.