मोदीजी! विपक्षी पार्टियों के MLA खरीदने के लिए कहां से लाते हो इतने पैसे: अरविन्द केजरीवाल
केन्द्रीय मंत्री और राज्य सभा सांसद विजय गोयल ने कहा था कि आम आदमी पार्टी से नाराज 14 विधायक उनके संपर्क में हैं.
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने विधायकों की ख़रीद-फ़रोख़्त का आरोप लगाते हुए मोदी सरकार पर निशाना साधा है. अरविन्द केजरीवाल ने पूछा है कि मोदी जी आप हर विपक्षी पार्टी के राज्य में सरकार गिराने के लिए MLA खरीदने के पैसे कहां से लाते हो?
इससे पहले केन्द्रीय मंत्री और राज्य सभा सांसद विजय गोयल ने कहा था कि आम आदमी पार्टी से नाराज 14 विधायक उनके संपर्क में हैं. बुधवार को दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने आरोप लगाया था कि भारतीय जनता पार्टी, आम आदमी पार्टी के 7 विधायकों को 10-10 करोड़ रुपए का प्रलोभन देकर ख़रीदना चाहती है.
इसी को लेकर ट्विटर पर अरविंद केजरीवाल ने लिखा है, “मोदी जी, आप हर विपक्षी पार्टी के राज्य में MLA ख़रीद कर सरकारें गिराओगे? क्या यही आपकी जनतंत्र की परिभाषा है? और इतने MLA ख़रीदने के लिए इतना पैसा कहां से लाते हो? आप लोग पहले भी कई बार हमारे MLA ख़रीदने की कोशिश कर चुके हो. AAP वालों को ख़रीदना आसान नहीं.”
मोदी जी, आप हर विपक्षी पार्टी के राज्य में MLA ख़रीद कर सरकारें गिराओगे? क्या यही आपकी जनतंत्र की परिभाषा है? और इतने MLA ख़रीदने के लिए इतना पैसा कहाँ से लाते हो?
आप लोग पहले भी कई बार हमारे MLA ख़रीदने की कोशिश कर चुके हो। AAP वालों को ख़रीदना आसान नहीं https://t.co/nEStYE3ipP
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) May 3, 2019
एक अन्य ट्वीट में अरविन्द केजरीवाल ने आप विधायकों के भाजपा के संपर्क में होने का दावा करने वाले भाजपा नेता विजय गोयल पर निशाना साधते हुए पूछा है कि गोयल साहिब, बात कहां फंसी है? आप कितना दे रहे हो? वो कितना माँग रहे हैं?
गोयल साहिब, बात कहाँ फँसी है? आप कितना दे रहे हो? वो कितना माँग रहे हैं? pic.twitter.com/KxAqX38DHz
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) May 3, 2019
बता दें कि हाल ही में पश्चिम बंगाल की एक चुनावी रैली में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि ममता बनर्जी की पार्टी के 40 विधायक उनके संपर्क में हैं और 23 मई के बाद वे भाजपा में शामिल हो जाएंगे. इस बयान को लेकर प्रधानमंत्री मोदी की तीखी आलोचना हुई थी.