PMI रिपोर्ट: आठ महीने के निचले स्तर पर पहुंचा भारत का विनिर्माण सेक्टर
इस साल मार्च में पीएमआई 52.6 थी, जो अब घटकर अप्रैल महीने में 51.8 पर आ गई है.
भारत के विनिर्माण सेक्टर की रफ़्तार अप्रैल महीने में धीमी पड़ गई है. यह पिछले आठ महीने के सबसे निचले स्तर पर आ गई है. इसका कारण चुनावी उथल-पुथल और आर्थिक माहौल की अनियमितता बताई जा रही है.
न्यूज़18 के मुताबिक निक्केई ने गुरुवार को विनिर्माण खरीद प्रबंधक सूचकांक (पीएमआई) जारी की. इसमें पता चला है कि इस साल मार्च में पीएमआई 52.6 थी, जो अब घटकर अप्रैल महीने में 51.8 पर आ गई है. पिछले साल अगस्त के बाद यह सबसे निचले स्तर पर है.
बता दें कि निक्केई हर महीने विभिन्न देशों के लिए विनिर्माण तथा सेवा क्षेत्र का सूचकांक जारी करता है. इसमें 50 को एक मानक आंकड़ा माना जाता है. इससे अधिक होने पर सूचकांक में वृद्धि तथा कम होना सूचकांक में कमी को दर्शाता है.