May a good source be with you.

मध्यप्रदेश: मूलभूत सुविधाओं से वंचित लोगों ने सरकार के ख़िलाफ़ खोला मोर्चा, चुनाव बहिष्कार का किया ऐलान

नरसिंहपुर ज़िले के ग्रामीणों ने बिजली नहीं, पानी नहीं, सड़क नहीं इसलिए वोट नहीं का नारा दिया है.

मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर ज़िले के विपतपुरा गांव में बनी वर्धमान सिटी में मूलभूत सुविधाओं से वंचित ग्रामीणों ने परेशान होकर लोकसभा चुनाव के बहिष्कार करने का फ़ैसला किया है.

विपतपुरा में वर्धमान सिटी का सिर्फ नाम ही है. क्योंकि यहां बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं है. यहां के निवासियों ने प्रशासन के ख़िलाफ़ मोर्चा खोलते हुए साफ तौर पर कहा, ‘बिजली नहीं, पानी नहीं, सड़क नहीं इसलिए वोट भी नहीं’. इसके साथ ही लोगों ने कॉलोनी और घरों के मुख्य द्वार पर चुनाव बहिष्कार के पोस्टर भी लगाए हैं.

ईटीवी भारत की ख़बर के अनुसार ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कॉलोनी बने कई साल हो गए हैं. लेकिन बावजूद इसके यहां सड़क, बिजली और पानी की व्यवस्था नहीं है. प्रशासन से कई बार शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई. इसलिए यहां के लोगों ने सामूहिक चुनाव बहिष्कार का ऐलान कर दिया.

कॉलोनी में रहने वाली एक छात्रा कहती है, “सड़क नहीं होने के कारण काफी समस्या होती है. स्कूटी गिर जाती है. ठीक से चल नहीं पाते हैं. इसलिए यहां के लोगों ने फैसला किया है कि इस बार वोट नहीं देंगे. इतने सालों से कोई कुछ नहीं कर पाया तो अब क्या करेंगे.”

सामूहिक चुनाव बहिष्कार की ख़बर मिलते ही प्रशासन भी सकते में आ गया और प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीणों  को वोट देने के लिए मनाने में जुट गए.

प्रशासन के आगमन को लेकर छात्रा ने कहा, “प्रशासन आज ही क्यों आया है. इतने दिनों से क्यों नहीं आए. क्योंकि उन्हें वोट चाहिए. प्रशासन यहां अपने मतलब के लिए आया है, हमारे लिए नहीं.”

कॉलोनी का जायजा लेने पहुंचे तहसीलदार राजेश मरावी ने कहा, ‘कॉलोनी वासियों की तरफ से ज्ञापन प्राप्त हुआ था. इसी संबंध में बिजली विभाग और सीएमओ नगरपालिका के साथ यहां जांच करने आए हैं और यहां हमने सुविधाओं का काफी आभाव देखा है. जिस अवधि में कॉलोनी का प्रोजेक्ट पूरा होना चाहिए था उसमें नहीं हुआ है. इसके लिए जांच दल गठित की जाएगी.’

वहीं, चुनाव बहिष्कार के मुद्दे पर तहसीलदार ने कहा, ‘इस संबंध में हमने लोगों को समझाया है लोगों को और कहा कि वह अधिक से अधिक वोट करें.’

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+