ओडिशाः BJP उम्मीदवार की गुंडागर्दी, EVM तोड़कर निर्वाचन अधिकारी को धमकाया, पुलिस ने जारी किया लुक आउट नोटिस
पुलिस ने बताया कि भाजपा उम्मीदवार ओम प्रकाश मिश्रा के घर और दुकानों पर छापेमारी की गई लेकिन वह मौके से फरार है.
ओडिशा पुलिस ने ईवीएम को क्षतिग्रस्त करने और निर्वाचन अधिकारी को धमकाने के मामले में भाजपा प्रत्याशी ओम प्रकाश मिश्रा के ख़िलाफ़ लुक आउट नोटिस जारी किया है.
दरअसल लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के मतदान के दौरान भाजपा उम्मीदवार ओम प्रकाश मिश्रा ने अपने समर्थकों के साथ मिलकर पुरी ज़िले के वीर किशोरपुर गांव के 78 नंबर बूथ पर ईवीएम मशीन के साथ तोड़फोड़ को अंजाम दिया और निर्वाचन अधिकारी को धमकी दी थी.
स्वदेश अखबार की ख़बर के मुताबिक निर्वाचन अधिकारी शिवराम महापात्रा ने गादिशागोडा पुलिस स्टेशन में भाजपा उम्मीदवार और उनके समर्थकों के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज करवाई है. शिकायत में कहा गया है कि 23 अप्रैल को जारी मतदान के दौरान ओम प्रकाश और अन्य लोग जबरदस्ती बूथ पर पहुंचे और ईवीएम को क्षतिग्रस्त कर दिया. जब मौके पर मौजूद लोगों ने भाजपा प्रत्याशी को रोकने की कोशिश की तो वह बंदूक लहराते हुए मौके से फरार हो गए.
इस घटना की वजह से कुछ देर के लिए मतदान प्रक्रिया भी बाधित हुई थी.
पुलिस ने भाजपा उम्मीदवार ओमप्रकाश के ख़िलाफ़ आपराधिक मामले समेत भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है.
पुरी के पुलिस अधिक्षक उमाशंकर दास ने बीते गुरुवार को कहा, “भाजपा प्रत्याशी को पकड़ने के लिए विशेष टीम गठित की गई है.” उन्होंने बताया कि भाजपा प्रत्याशी के पालसुनी स्थित घर और दुकानों पर छापेमारी की गई लेकिन वह मौके से फरार है. पुलिस ने छापेमारी में 2 माउजर भी बरामद की है.