मध्यप्रदेश में दलितों के साथ छुआछूत: पूजा का प्रसाद देने के लिए ऊंची जाति के लोगों ने अलग बिठाया
दलित संगठनों ने इस मामले में दोषियों के ख़िलाफ़ एट्रोसिटी एक्ट के तहत मुक़दमा दर्ज करने की मांग की है.
मध्यप्रदेश के कालापीपल विधानसभा क्षेत्र में दलितों के साथ सार्वजनिक रूप से छुआछूत का मामला सामने आया है. हनुमान जयंती के अवसर पर आयोजित हुए एक कार्यक्रम में ऊंची जाति के लोगों ने खाने के वक्त दलित समाज के लोगों को अपमानित कर दूर कर दिया.
दैनिक भास्कर के मुताबिक कालापीपल विधानसभा क्षेत्र के अरनियाकलां गांव में हनुमान जयंती के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था. कार्यक्रम में भंडारे की भी व्यवस्था थी. इस कार्यक्रम में पूरा गांव शामिल हुआ था. प्रसाद वितरण के समय यहां ऊंची जाति के लोगों ने दलितों को अलग कर दिया. दलितों को सवर्णों के पास से 100 फीट की दूरी पर प्रसाद खिलाया गया.
दैनिक भास्कर के मुताबिक ज़िले के दलित संगठनों ने इस मामले पर संज्ञान लिया है. संगठनों ने इस मामले में दोषियों के ख़िलाफ़ एट्रोसिटी एक्ट के तहत मुक़दमा दर्ज करने की मांग की है. अजाक्स, अपाक्स, अभा बलाई महासभा, सर्व रविदास समाज, प्रांतीय बलाई विकास मंच, बाबा रामदेव समिति, भीम आर्मी जैसे संगठनों के सदस्य गुरुवार को एसपी-डीएम के समक्ष ज्ञापन सौंपने वाले हैं.