बिहारः चुनावी सभा में शिक्षकों के प्रदर्शन पर तिलमिलाए सुशासन बाबू, कहा- क ख ग का ज्ञान नहीं, आ गए पोस्टर-बैनर लेकर विरोध करने
लंबे समय से वित्त रहित शिक्षक अपनी मांगों को लेकर राज्य में आंदोलन कर रहे हैं. शिक्षकों की मांग है कि उन्हें अनुदान के बदले वेतनमान दिया जाए.
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को मुंगेर लोकसभा सीट पर चुनावी प्रचार के दौरान शिक्षकों का अपमान किया. मुख्यमंत्री ने वित्त रहित शिक्षकों का भद्दा मज़ाक उड़ाते हुए कहा कि आप सबको क ख ग का ज्ञान नहीं है और बिना मतलब का यहां पोस्टर लेकर आ गए हैं.
दरअसल, लखीसराय विधानसभा अंतर्गत हलसी प्रखंड मुख्यालय में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे. इसी दौरान वित्तरहित शिक्षकों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री को बैनर-पोस्टर दिखाया.
दैनिक जागरण के अनुसार बैनर पोस्टर देखते हुए नीतीश कुमार तिलमिला गए. उन्होंने आगे कहा कि “ये वित्त रहित शिक्षा नीति वाला बैनर और पोस्टर दिखाना है तो कल कांग्रेसिया सब आएगा उसको दिखाना. समझ गए ना, ये सब मेरे टाइम की चीज़ नहीं है. क ख ग ज्ञान नहीं बिना मतलब का बैनर-पोस्टर लेकर आ गए.”
दरअसल, लंबे समय से वित्त रहित शिक्षक अपनी मांगों को लेकर राज्य में आंदोलन कर रहे हैं. शिक्षकों की मांग है कि उनको अनुदान के बदले वेतनमान दिया जाए.