भोपाल के विकास के लिए दिग्विजय सिंह का विज़न: साइंस सिटी का होगा निर्माण और कामकाजी महिलाओं को मिलेगी हॉस्टल की सुविधा
दिग्विजय सिंह ने यह भी वादा किया है कि साइंस सिटी के भीतर बायोटेक्नोलॉजी पार्क का निर्माण किया जाएगा.
वरिष्ठ कांग्रेस नेता और भोपाल लोकसभा सीट से उम्मीदवार दिग्विजय सिंह ने अपने संसदीय क्षेत्र में विकास के लिए अपना विजन डॉक्यूमेंट जारी किया है. उन्होंने भोपाल में मेडिकल कॉलेज, कामकाजी महिला और लड़कियों के लिए हॉस्टल, आईटी स्पेशल इकोनॉमिक जोन्स का निर्माण और साइंस सिटी का निर्माण जैसे कई वादे किए हैं.
इस घोषणापत्र में कहा गया है कि भोपाल में विश्वविद्यालय के साथ-साथ शोध संस्थानों की भी आवश्यकता है. इसके साथ ही डॉक्यूमेंट में कहा गया है कि साइंस सिटी में स्टेट ऑफ द आर्ट मेडिकल रिसर्च एंड जीनोम रिसर्च के लिए भी प्रावधान भी रखे जाएंगे.
इसके साथ ही इस घोषणापत्र में भोपाल गैस त्रासदी के पीड़ितों से इलाज संबंधी शोध कराने का वादा भी किया गया है. इस घटना के पीड़ितों को मिलने वाली मुफ़्त उपचार की व्यवस्था को दुरुस्त करने और भोपाल मेमोरियल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में उनका इलाज कराने का वादा भी किया गया है. भोपाल मेमोरियल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में पीजी कोर्स का पठन-पाठन कराने का वादा भी किया गया है.
भोपाल को मध्य भारत की मेडिकल कैपिटल के रूप में विकसित करने का सुझाव भी दिया गया है. इसके साथ ही सुपर-स्पेशियलिटी अस्पतालों की स्थापना के साथ-साथ हर वार्ड में मुफ्त स्वास्थ्य की व्यवस्था भी रखी गई है.
राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी वादा किया है कि साइंस सिटी के भीतर बायोटेक्नोलॉजी पार्क का निर्माण किया जाएगा.
भारतीय जनता पार्टी ने भोपाल लोकसभा सीट से मालेगांव ब्लास्ट की आरोपी साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को मैदान में उतारा है. भोपाल में छठे चरण में लोकसभा के चुनाव 12 मई को होने वाले हैं.