विदेश में या अभिनेताओं से बात करते दिखते हैं PM मोदी, किसानों से करनी चाहिए बात, वे मनभावन सवाल नहीं पूछते: प्रियंका गांधी
प्रियंका गांधी ने कहा कि पीएम मोदी को 5 सालों में एक गांव, घर में जाकर लोगों से मिलने समय नहीं मिला.
पूर्वी उत्तर प्रदेश की कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार को अभिनेताओं के साथ इंटरव्यू और विदेश यात्राओं को लेकर पीएम मोदी पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी विदेश में दिखाई देते हैं या फिर इंटरव्यू देते नजर आते हैं.
एनडीटीवी की ख़बर के अनुसार उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा, “आज आप प्रधानमंत्री जी को विदेशों में चीन, जापान या अमेरिका के राष्ट्रपति से गले लगाते देखते हैं. कल पीएम को बड़े-बड़े अभिनेताओं के साथ इंटरव्यू करते हुए देखा गया. लेकिन आपने उन्हें (पीएम मोदी) को जनता के बीच कभी नहीं देखा होगा.”
उन्होंने आगे कहा कि पिछले 5 सालों में प्रधानमंत्री जी अपने निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी के एक गांव में नहीं गए. उन्हें 5 सालों में एक गांव, घर में जाकर लोगों से मिलने समय नहीं मिला.
टाइम्स नाउ की रिपोर्ट के अनुसार प्रियंका गांधी ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को किसानों से बात करनी चाहिए, वे अभिनेताओं की तरह मनभावन सवाल नहीं पूछते हैं.
ग़ौरतलब है कि बीते दिन अभिनेता अक्षय कुमार के साथ प्रधानमंत्री का इंटरव्यू सामने आया था. इस इंटरव्यू के दौरान प्रधानमंत्री ने अपने बचपन की आदतों, आम के प्रति प्यार और अपने कपड़ों को लेकर बड़ी-बड़ी बातें की थी.