May a good source be with you.

गरीब, किसान, महिला और युवा विरोधी है भाजपा सरकार, सिर्फ अमीरों का करती है समर्थनः नवीन पटनायक

नवीन पटनायक ने कहा, ‘‘देश का निर्माण उन बड़ी बातों पर नहीं होता जो भाजपा नेता करते हैं.’’

बीजद अध्यक्ष एवं ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भाजपा को अमीर समर्थक बताते हुए मंगलवार को कहा कि गरीब, किसान, महिलाओं और युवाओं से धोखा करने के लिए भगवा पार्टी हिंदी भाषी क्षेत्रों में विधानसभा चुनाव हार गई.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिन में राज्य के केंद्रपाड़ा और बालेश्वर में अपने चुनाव प्रचार के दौरान नवीन पटनायक सरकार पर 19 वर्षों में सभी मोर्चों पर असफल होने का आरोप लगाया था और लोगों को भरोसा दिया कि भाजपा यदि सत्ता में आयी तो उन्हें बीजद द्वारा 19 वर्षों में कराये गए विकास से पांच गुना अधिक विकास देखने को मिलेगा.

पटनायक ने कहा, ‘‘देश का निर्माण उन बड़ी बातों पर नहीं होता जो भाजपा नेता करते हैं.’’ उन्होंने कहा कि भाजपा ने केंद्र में पांच वर्ष के अपने शासन के दौरान लोगों का विश्वास खो दिया है.

उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा लोगों से एक ‘डबल इंजन’ सरकार (केंद्र और राज्य में एक ही पार्टी की सरकार), सुनिश्चित करने के आह्वान का माखौल उड़ाया और पूछा, ‘‘भाजपा ने मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान और पंजाब में अपना दूसरा इंजन क्यों खो दिया?’’

पटनायक केंद्रपाड़ा, बालेश्वर, भद्रक और जाजपुर लोकसभा क्षेत्रों में कई चुनावी सभाओं को संबोधित कर रहे थे जहां मतदान चौथे चरण में 29 अप्रैल को होना है.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+