May a good source be with you.

अमित शाह के ख़िलाफ़ कार्रवाई करेगा चुनाव आयोग? भारतीय वायुसेना को बताया ‘मोदी जी की वायुसेना’

चुनाव आयोग ने हाल ही में राजनीतिक दलों को चुनावी प्रचार के लिए सशस्त्र बलों का इस्तेमाल न करने का आदेश दिया था.

पश्चिम बंगाल के कृष्णानगर में  बीते 22 अप्रैल को एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि बालाकोट हवाई हमले को अंजाम देने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने ‘अपनी वायुसेना’ भेजी थी.

एएनआई के मुताबिक शाह ने कहा, “पुलवामा आतंकी हमले में 40 जवान शहीद हो गए. पहले ऐसी घटनाओं के बाद कुछ नहीं होता था. घटना के 13वें दिन नरेंद्र मोदी ने अपने वायु सेना को आदेश दिया और हमारे विमानों ने पाकिस्तान के आंतकवादियों को उड़ा दिया.”

भाजपा अध्यक्ष ने यह बयान तब दिया है, जब हाल ही में चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी को भारतीय सेना को ‘मोदी जी का सेना’ कहने पर नोटिस जारी किया था.

इससे यह प्रतीत होता है कि भाजपा नेताओं ने चुनाव आयोग के आदेशों का उल्लंघन करने का ठेका ले रखा है.

बता दें कि चुनाव आयोग ने हाल ही में राजनीतिक दलों को चुनावी प्रचार के लिए सशस्त्र बलों का इस्तेमाल न करने का आदेश दिया था. आयोग ने कहा कि राजनीतिक दल पोस्टरों पर सशस्त्र बलों की तस्वीरों का उपयोग नहीं करेंगे और ना ही सेना के नाम पर वोट मांगेंगे.

ग़ौरतलब है कि पूर्व सेना प्रमुखों ने भी राजनीतिक दलों द्वारा सेना के राजनीतिकरण की निंदा की थी. तीनों सेनाओं के 8 पूर्व प्रमुखों सहित 150 से अधिक पूर्व सैन्य अधिकारियों ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को सेना का राजनीतिकरण रोकने की अपील करते हुए चिट्ठी लिखी थी. पत्र में कहा गया कि सत्ताधारी दल सर्जिकल स्ट्राइक जैसे सेना के ऑपरेशन का श्रेय ले रही है और भारतीय सेना को ‘मोदी जी की सेना’ बताया जा रहा है.

इसे भी पढ़ें- बंद करवाइए घटिया राजनीतिकरण: 8 पूर्व सेनाध्यक्षों समेत 150 से ज्यादा पूर्व सैनिकों ने राष्ट्रपति को लिखी चिट्ठी

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+