उल्टा लटका दूंगाः मोदी जी के मंत्री ने सरकारी अधिकारियों को खुलेआम दी धमकी, चुनाव आयोग ने जारी किया नोटिस
गजेंद्र सिंह शेखावत ने पोखरण में चुनाव प्रचार के दौरान धमकी दी थी.
केंद्रीय राज्यमंत्री और जोधपुर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार गजेन्द्र सिंह शेखावत को चुनाव आयोग ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है. भाजपा नेता ने चुनावी सभा के दौरान खुलेआम सरकारी अधिकारियों को उल्टा लटकाने की धमकी दी थी.
दैनिक जागरण की ख़बर के अनुसार बीते 14 अप्रैल को राजस्थान के पोखरण में अपने भाषण के दौरान सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को धमकाते हुए कहा, “प्रशासन को मैं मंच पर खड़ा होकर चेतावनी दे रहा हूं कि यह चुनाव अखिरी चुनाव नहीं है. पांच साल बाद राज बदल जाएगा. एक एक की जन्मपत्री मेरी आंखों में रखी हुई है. उलटा नहीं लटका दूं तो मेरा नाम गजेन्द्र सिंह नहीं.”
नवज्योति अख़बार के अनुसार, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव, विधि मानवाधिकार व आरटीआई विभाग के प्रदेशाध्यक्ष सुशील शर्मा ने शेखावत के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज करवाते हुए निर्वाचन आयोग से उन्हें चुनाव में आयोग्य घोषित करने की मांग की है.
नवज्योति अख़बार के अनुसार, सुशील शर्मा ने कहा, “भाजपा उम्मीदवार का यह कथन आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की श्रेणी में आता है. साथ ही यह प्रथम दुष्टया भारतीय दंड संहिता की धारा 189 एवं जनप्रतिनिधि कानून की धारा 13 के तहत 13 ए, 13 बी, एवं 13 सी के अनुसार दंडनीय अपराध है.”
उन्होंने आगे कहा कि शेखावता का यह कथन चुनाव आयोग द्वारा निष्पक्ष चुनाव कराने में बाधा उत्पन्न कर सकता है. इसलिए शेखावत को चुनाव आयोग चुनाव से आयोग्य घोषित की जाए साथ ही इनके ख़िलाफ़ कार्रवाई की जाए.
ग़ौरतलब है कि नेताओं की भाषा को लेकर चुनाव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ समेत मायावती, केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी और आज़म खान के भाषणों पर रोक लगा चुका है. लेकिन बावजूद इसके नेताओं की भाषा में कोई बदलाव नहीं आ रहा.