May a good source be with you.

नमो टीवी की कारिस्तानी: मोदी सरकार की योजनाओं को लेकर झूठ और प्रोपेगैंडा फैला रहा चैनल

नमो टीवी पर प्रसारित शो में दावा गया कि यूपीए सरकार ने चार साल के कार्यकाल में मात्र 25 लाख नए घरों का निर्माण करवाया, जबकि यूपीए सरकार ने 89.65 लाख घरों का निर्माण कराया था.

भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री मोदी के प्रचार को लेकर बना नमो टीवी अब फ़ेक न्यूज़ भी फैला रहा है. इस चैनल ने यूपीए सरकार के समय बनाए गए घरों के आंकड़ों को लेकर भ्रामक जानकारी फैलाई है.

नेशनल हेराल्ड के मुताबिक सोमवार की शाम तक इस चैनल पर एक शो प्रसारित किया गया, जिसमें कहा गया कि यूपीए सरकार ने 2013-14 तक चार साल के कार्यकाल में मात्र 25 लाख नए घरों का निर्माण कराया था, जबकि मोदी सरकार ने अपने 4 सालों में 1.25 करोड़ घरों का निर्माण कराया है.

इससे पहले 19 अक्टूबर 2018 को महाराष्ट्र के शिरडी में इसी तरह के आंकड़े पेश किए थे. बात में इसे ग़लत पाया गया.

इसके बाद कई फैक्ट चेकिंग वेबसाइटों ने बताया था कि यूपीए सरकार ने अपने चार साल के कार्यकाल में 89.65 लाख घरों का निर्माण कराया था. ये आंकड़े प्रधानमंत्री मोदी के दावे से साढ़े तीन गुणा अधिक थे.

हालांकि नमो टीवी ने प्रधानमंत्री मोदी के दावे के झूठा साबित होने के बाद भी इस ख़बर को धड़ल्ले से चलाना उचित समझा.

समाचार एजेंसी पीटीआई ने शनिवार को ख़बर दी थी कि भाजपा ने चुनाव आयोग से कहा है कि नमो टीवी चैनल पर कोई भी ऐसी ख़बर नहीं चलाई जाएगी, जिसके तथ्य असत्यापित या झूठे हैं.

बता दें कि भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री मोदी के चुनावी रैलियों और भाषणों को फुटेज देने के उद्देश्य से बनाई गई नमो टीवी के पास किसी भी तरह का लाइसेंस या अनुमति प्राप्त नहीं है.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+