उत्तर प्रदेश: शौच जा रही महिला के साथ दुष्कर्म की कोशिश, विरोध करने पर पेट्रोल छिड़ककर जलाया
योगी सरकार विज्ञापनों में राज्य के 75 ज़िलों को खुले में शौच मुक्त करार दे चुकी है.
उत्तर प्रदेश के देवरिया ज़िले में बीते शनिवार को शौच के लिए गई युवती के साथ बलात्कार करने की कोशिश की गई. जब आरोपी बलात्कार करने में विफल हुआ तो उसने युवती पर पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया.
दरअसल 33 वर्षीय युवती शौच के लिए खेतों में गई थी. उसी दौरान गांव का एक युवक वहां आया और बलात्कार करने की कोशिश करने लगा. युवती के विरोध करने पर आरोपी ने उस पर पेट्रोल छिड़क कर जिंदा जला दिया.
पुलिस के अनुसार युवती 85 फीसदी जल गई है. उसे इलाज के लिए ज़िला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घायल युवती ने मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज करवाया है. अपर पुलिस अधीक्षक शिष्य पाल ने बताया कि मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है.
ग़ौरतलब है कि योगी सरकार विज्ञापनों में राज्य के 75 ज़िलों को खुले में शौच मुक्त करार दे चुकी है. लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां करती है. कुछ दिनों पहले कुशीनगर में शौच के लिए बाहर गई बुजुर्ग महिला को गाड़ी ने कुचल दिया. जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई.
पीटीआई इनपुट्स के साथ