शर्मनाक: हरियाणा पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों को लाठियों से पीटा, सड़क दुर्घटना में दोस्त की मौत के बाद धरने पर बैठे थे छात्र
20 वर्षीय एक छात्र बस में चढ़ रहा था तभी बस के टायर के नीचे आने से उसकी मौत हो गई.
हरियाणा के करनाल में पुलिस द्वारा छात्रों पर लाठीचार्ज की घटना सामने आई है. औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के ये छात्र अपने एक दोस्त की सड़क दुर्घटना में मौत हो जाने के बाद प्रदर्शन कर रहे थे. ख़बर है कि पुलिस ने छात्रों की भीड़ पर आंसू गैस के गोले भी छोड़े हैं.
नवभारत टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक गुरुवार को 20 वर्षीय एक छात्र बस में चढ़ रहा था तभी बस के टायर के नीचे आने से उसकी मौत हो गई. इसके बाद संस्थान के छात्रों ने इस दुर्घटना को लेकर धरना देना शुरू कर दिया. छात्रों का कहना था कि ड्राइवर की ग़लती की वज़ह से उनके सहयोगी की जान गई है. छात्रों का कहना था कि प्रदेश के बस ड्राइवर बस-स्टॉप पर नहीं रूकते, जिसके कारण छात्रों को दौड़कर बस में चढ़ना पड़ता है.
प्रदर्शनरत छात्रों के मुताबिक उक्त छात्र बस की चपेट में आ गया, लेकिन इसके बाद भी ड्राइवर ने बस को नहीं रोकी. इस कारण छात्र गिर गया और बस के टायर के नीचे आ गया. इस घटना के बाद प्रदर्शनरत छात्रों ने बस को क्षतिग्रस्त कर दिया है तथा ट्रैफिर व्यवस्था भी ठप पड़ी है.
कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने छात्रों के ऊपर हुए इस पुलिसीया कार्रवाई की निंदा की है.
करनाल में हरियाणा पुलिस द्वारा ITI में घुसकर निर्दोष व निहत्थे छात्र-छात्राओं और स्टाफ़ पर नृशंस लाठीचार्ज की मैं घोर निंदा करता हूँ।
CM खट्टर जी सरकार चलाने में लगातार विफल रहे हैं, उनके शासन में पुलिस बार-बार अपराधियों के सामने बेबस और नागरिकों पर पूरी तरह बेक़ाबू नजर आती है! pic.twitter.com/F1gicEvY9f
— Randeep Singh Surjewala (@rssurjewala) April 12, 2019
इधर, पुलिस का कहना है कि प्रदर्शनरत छात्रों ने गुरुवार की सुबह पुलिस बलों के ऊपर पत्थर फेंके, जिसकी चपेट में आने से कई पुलिस बल जख़्मी हो गए.