मेरठ: PM मोदी की रैली में पत्रकार ने रोज़गार, किसान और महिला सुरक्षा पर की बात तो भाजपा समर्थकों ने किया हमला
पत्रकारों ने वाद-विवाद से बचने का प्रयास करते हुए भीड़ से दूर चले जाना बेहतर समझा. लेकिन गुस्साई भीड़ ने पत्रकार के चेहरे पर निशाना बनाने की कोशिश की.
उत्तर प्रदेश के मेरठ में बीते 28 मार्च को प्रधानमंत्री मोदी की रैली को कवर करने गए न्यूज़क्लिक की टीम पर भाजपा समर्थकों ने हमला कर दिया. दरअसल, पत्रकार आम जन के मुद्दों को लेकर रैली के समय ही पीटूसी (पीस टू कैमरा) कर रहा था. जिसके बाद रैली में आए पार्टी समर्थक उन पर टूट पड़े.
न्यूज़क्लिक के पत्रकार की माने तो वे लोगों की समस्याओं को लेकर पीटीसी (पीस टू कैमरा) कर रहे थे. उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी सहित अन्य भाजपा नेताओं के भाषणों में आम लोगों की समस्याओं का जिक्र न करने की बात कही. जिसके बाद कुछ लोग उनके ऊपर भड़क गए.
दरअसल पत्रकार ने कहा था कि आज के भाषण में बेरोज़गारी, कृषि संकट, महिला सुरक्षा सहित मुद्दे नहीं सुनाई दिए. बल्कि भाजपा पाकिस्तान के ख़िलाफ़ हवाई हमले और मिशन शक्ति के मुद्दे को भुनाने की कोशिश कर रही है.
इसके बाद आसपास के कुछ लोगों ने उन्हें गालियां देना शुरू कर दिया. गुस्साई भीड़ ने पत्रकार और उनके सहयोगी कैमरा पर्सन को घेर लिया और कहा कि हम आपके चैनल को जानते हैं. ये अभिसार वाला है. आप मोदी के ख़िलाफ़ हैं. तुम सब देशद्रोही हो, भगाओ इन्हें यहां से. देश के गद्दारों को जूते मारो सालों को और गठबंधन ने कितने पैसे दिए हैं.
हालांकि पत्रकारों ने वाद-विवाद से बचने का प्रयास करते हुए भीड़ से दूर चले जाना बेहतर समझा. लेकिन गुस्साई भीड़ ने पत्रकार के चेहरे पर निशाना बनाने की कोशिश की.
उसी दौरान अन्य सहयोगी पत्रकार रैली में कुछ दूरी पर रिकॉर्डिंग कर रहे थे. भीड़ को देखकर वे पास आए और लोगों को शांत करने की कोशिश करने लगे. लेकिन भीड़ और ज्यादा उग्र हो गई.
जिसके बाद पत्रकार सुरक्षा के लिए सड़क पर खड़ी पुलिस की ओर भाग गए. भीड़ उनका पीछा करते हुए मोदी समर्थक नारे लगाने लगी. हालांकि बाद में उत्तर प्रदेश पुलिस के सहयोग के बाद पत्रकार वहां से निकल पाए. ग़ौरतलब है कि इस पूरे वाकैये के दौरान पीएम मोदी का भाषणा जारी था.