देश बचाना है तो इस बार मत दें भाजपा को वोट: 100 से ज्यादा फ़िल्मकारों ने की अपील
कलाकारों ने कहा है कि इस बार भाजपा का जीतना दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की ताबूत में आखिरी कील साबित हो सकता है.
लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को वोट ना देने की अपील करते हुए 100 से ज्यादा फिल्मकारों ने साझा बयान जारी किया है. “सेव डेमोक्रेसी” और “आर्टिस्ट्स यूनाइट” के बैनर तले वेत्री मारन, आनंद पटवर्धन, सनल कुमार शशिधरन, सुदेवन, दीपा धनराज, गुरविंदर सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, कबीर सिंह चौधरी सरीखे फिल्मकारों ने साझा वक्तव्य जारी कर यह अपील की है.
द हिन्दू के मुताबिक इस वक्तव्य में कहा गया है, “हम जिस भारत के बारे में जानते हैं वह धर्म के नाम पर नहीं बंटा है. इसके बावजूद भारतीय जनता पार्टी और इसके सहयोगी दल अपना चुनावी वादा पुराने करने में विफ़ल रहे हैं. अब ये लोग गाय के नाम पर मॉब लिंचिंग करके देश को सांप्रदायिकता की तरफ बढ़ा रहे हैं. भाजपा के इस खेल का शिकार देश के दलित और मुसलमान हो रहे हैं.”
इसके साथ ही इस वक्तव्य में कहा गया है कि अगर हमने इस आम चुनाव में समझदारी से सरकार नहीं चुना तो देश के भीतर फासीवादी ताकतें और भी मजबूत होंगी.
अपने बयान में कलाकारों ने असहमति रखने वाले लोगों पर भाजपा के हमले और देशद्रोही बताए जाने को लेकर भी निशाना साधा है. गौरी लंकेश जैसे बुद्धिजीवियों की हत्या को लेकर भी कलाकारों ने अपनी चिंता जाहिर की है. लिखा गया है, “हमें नहीं भूलना चाहिए कि भाजपा के कार्यकाल में हमारे कई बड़े लेखकों और पत्रकार को जान से मार दिया गया है क्योंकि उन्होंने असमति जताई थी.
सेना के जवानों का शोषण और पाकिस्तान के साथ हालिया तनाव को लेकर भी कलाकारों ने लिखा है. कलाकारों ने अपील किया है, “सशस्त्र बलों का शोषण उनकी एक स्ट्रेटजी है. इसके लिए ये देश को एक अनावश्यक युद्ध में भी धकेल सकते हैं. देश की सांस्कृतिक और वैज्ञानिक संस्थानों को ख़त्म किया जा रहा है.
संस्थानों के मुखिया के तौर पर अयोग्य और अनुभवहीन लोगों को बहाल करके देशवासियों की क्षमता का मजाक बनाया जा रहा है.” आगे कलाकारों ने लिखा है कि सिनेमा और किताबों पर प्रतिबंध लगाकर इन लोगों ने देश को सच्चाई से दूर करने का काम किया है.
आगे पत्र में लिखा गया है कि भारतीय जनता पार्टी किसानों को पूरी तरह से भूल चुकी है और वास्तव में इन्होंने देश को उद्योगपतियों का हथियार बना दिया है. झूठ के सहारे भाजपा ने देश के लोगों को सपने बेचे हैं.
कलाकारों ने लिखा है, “आंकड़ों की हेराफ़ेरी और तोड़-मरोड़ भी भाजपा के सरकार ने खूब किया है. इन्हें एक बार और सत्ता में लाना हमारी बड़ी भूल साबित हो सकती है. यह दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के ताबूत में आख़िरी कील साबित हो सकती है.
इसके बाद कलाकारों ने अपील की है कि भाजपा को वोट ना दें. उन्होंने ऐसी सरकार चुनने का आह्वान किया है, जो संविधान की इज्जत करता हो, हमारे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की इज्जत करता हो और किसी भी प्रकार की सेंशरशिप का समर्थन नहीं करता हो.